यहां क्लीक कर हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े
मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए गए अभियान में भोजपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना पर की गई छापेमारी में भोजपुर पुलिस ने लाखों रुपए की हेरोइन और नगदी के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। जिसके बाद पुलीस अब इसके गिरोह की तलाश में जुटी है। पुलिस ने गिरफ्तार तस्करों के पास से 350 ग्राम हेरोइन, एक लाख रुपए नगद, तीन मोबाइल और एक बाइक बरामद की गयी है। गिरफ्तार तस्करों में इमादपुर थाना क्षेत्र के विशंभरपुर गांव निवासी उमाशंकर पांडेय के पुत्र संतोष पांडेय और सहार थाना क्षेत्र के बरूहीं गांव निवासी महेश राय का पुत्र रंजीत कुमार है।


मिली जानकारी के अनुसार दोनों तस्करों को नवादा थाना क्षेत्र के बस स्टैंड के समीप से गिरफ्तार किया गया है। मंगलवार को प्रेस वार्ता करते हुए एसपी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि पुलिस को मंगलवार की सुबह गुप्त सूचना मिली थी। जिसमे कुछ तस्कर डिलेवरी करने हेरोइन की बड़ी खेप लेकर आरा बस स्टैंड के समीप पहुंचने की सूचना दी गयी। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए तस्करों की गिरफ्तारी और हेरोइन की बरामदगी को लेकर एएसपी चंद्रप्रकाश के नेतृत्व में टीम गठित की गयी।


एएसपी के नेतृत्व में टीम की ओर से तत्काल छापेमारी कर दोनों तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से 350 ग्राम हेरोइन, एक लाख रुपए नगद और तीन मोबाइल बरामद किये गये। मौके से तस्करों की एक कीमती बाइक भी जब्त की गयी। मोबाइल व बाइक की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि तस्करों के पास से बरामद रुपये के बारे में भी पूछताछ की जा रही है। एसपी ने बताया कि टीम में नवादा थानाध्यक्ष शंभू कुमार भगत, दारोगा चंदन कुमार, संतोष कुमार और डीआईयू के अफसर व जवान शामिल थे।







