समस्तीपुर मंडल कारा में बंदी का फट गया सिर, मचा हड़कंप, सदर अस्पताल में कराया गया इलाज

यहां क्लीक कर हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े

समस्तीपुर। समस्तीपुर मंडल कारा में विचाराधीन एक बंदी का सिर फट गया। घटना की सूचना मिलते ही मंडल कारा प्रशासन के बीच हड़कंप मच गया। आनन-फानन में सहयोगी बंदी की मदद से जख्मी बंदी को मंडल कारा के अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों के द्वारा प्राथमिक उपचार करने के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। जख्मी बंदी का नाम मनीष कुमार सहनी बताया गया है, जो बिहार के मधुबनी जिला का निवासी है।

मिली जानकारी के अनुसार मनीष कुमार रेलवे एक्ट में गिरफ्तार हुआ था। जिसके बाद उसे मंडल कारा भेज दिया गया है। बंदी से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार की सुबह वह कारा में ही टहल रहा था। इसी दौरान सिढ़ी पर चढ़ने के दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गिर गया। जिसके कारण उसके सिर में चोट लगी और सिर फूट गया। इधर, बंदी के सिर से खून निकलते देख अन्य बंदियों में भी हड़कंप मच गया। जिसे तत्काल मंडल कारा अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मंडल कारा में डॉक्टरों ने बंदी का इलाज एवं मलहम पट्टी करने के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। इसके बाद पुलिस की कड़ी सुरक्षा में कारा एंबुलेंस से बंदी को सदर अस्पताल लाया गया। जहां इमरजेंसी में तैनात ऑन ड्यूटी चिकित्सकों के द्वारा बंदी का इलाज किया गया। बताया जाता है कि तीन से चार टांका लगाया गया है। वहीं सिटी स्कैन सहित अन्य प्रकार भी जांच की गयी। संयोग रहा कि जांच रिपोर्ट सामान्य रही। जिसके बाद उसे फिर से मंडल कारा भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *