रबी महोत्सव सह उपादान वितरण समारोह का आयोजन, वैज्ञानिकों ने कहा नई तकनीकों से खेती का मिलेगा लाभ

समस्तीपुर। समस्तीपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित ई किसान भवन में सोमवार को रबी महोत्सव सह उपादान वितरण समारोह का आयोजन हुआ। समारोह की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख शमीना खातून ने की। जबकि संचालन प्रखंड कृषि पदाधिकारी विनय शंकर ने किया। कृषि विज्ञान केन्द्र बिरौली की वैज्ञानिक भारती उपाध्याय ने कहा कि हमारी भूमि सीमित है। लेकिन आवश्यकता बढ़ रही है, इस हालत में वैज्ञानिक तरीका अपना कर ही हम लाभ की खेती कर सकते हैं। इसके लिए वैज्ञानिक द्वारा बताए गए तकनीक से किसान खेती करे तभी किसानों की आय बढ़ेगी।
प्रशिक्षक मुकेश कुमार देव ने रबी खेती के नई तकनीक व सरकार की कृषि योजनाओं एवं सरकारी अनुदानों के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी। इस अवसर पर उप प्रमुख राजेश कुमार, आत्मा अध्यक्ष देवशंकर ठाकुर के अलावे कई मुखिया, प्रखंड उद्यान अधिकारी, सहायक तकनीकी प्रबंधक, किसान सलाहकार, कृषि समन्वयक व सैकड़ों किसान उपस्थित थे। समारोह के बाद प्रमुख व उप प्रमुख सहित अधिकारियों ने किसानों के बीच बीज का भी वितरण किया। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *