समस्तीपुर। समस्तीपुर में मिशन इंद्रधनुश 5.0 के द्वितीय चक्र की प्रशासनिक तैयारी पूरी कर ली गयी है। जिले में नौ से 114 अक्टूबर तक अभियान चलाया जाएगा। मिशन इंद्रधनुष के तहत शून्य से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को 12 जानलेवा बीमारियों से बचाने के लिए टीकाकरण किया जाएगा। इस संबंध में डीआईओ डॉ. विशाल कुमार ने बताया कि अभियान की पूरी तैयारी कर ली गयी है। मिशन इंद्रधनुष तीन महीने के दौरान तीन चरणों में आयोजित किया जा रहा है। 11 से 16 सितंबर तक पहला चक्र पूरा कर लिया गया है। अब नौ अक्टूबर से दूसरा चक्र शुरु किया जाएगा जो 14 अक्टूबर तक चलेगा। फिर तीसरा चक्र 27 नवंबर से दो दिसंबर तक चलाया जाएगा।



डीआईओ डॉ. विशाल कुमार ने बताया कि केंद्र सरकार के निर्देशानुसार इस बार सभी टीकाकरण का रिकार्ड यू-वीन पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। पेपर लेस वर्क को बढ़ाने के उद्देश्य से यह पोर्टल लांच किया गया है। जिले में नियमित टीकाकरण में भी इस पोर्टल का उपयोग किया जा रहा है। इसके तहत टीकाकरण के लिए आने वाले लाभुकों को अपने साथ मोबाइल नंबर एवं आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा। ताकि अगले टीकाकरण का मैसेज भी उनके मोबाइल नंबर पर स्वत: मिल जाएगा।



मिशन इंद्रधनुष के तहत जिले के सभी 20 ब्लॉकों के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में 1629 सत्र स्थलों का चयन किया गया है। इसमें टीकाकरण के लिए लक्षित बच्चों का लक्ष्य 31 हजार 572 है एवं गर्भवति महिलाओं का लक्ष्य 77 सौ रखा गया है। मिशन इंद्रधनुष अभियान के तहत खसरा और रुबेला से छूटे हुए बच्चों को टीका लगाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इधर, अभियान की सफलता को लेकर रविवार को समस्तीपुर ब्लॉक के कुरियर कर्मी की समीक्षा बैठक हुई। इस दौरान स्वास्थ्य प्रशिक्षक राजीव रंजन व यूनिसेफ की बीसीएम आंनद कुमार ने कुरियर कर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।





