समस्तीपुर। समस्तीपुर के ताजपुर थाना क्षेत्र के मोरवा प्रखंड अन्तर्गत हरपुर भिंडी पंचायत के पंचायत समिति सदस्य के रिश्तेदार नवीन साह का वायरल वीडियो मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शराब की बोतल के साथ बारबाला के साथ ठुमका लगाने के मामले में पुलिस ने नवीन साह को गिरफ्तार कर लिया है। उक्त जानकारी सदर डीएसपी संजय कुमार पांडेय ने दी है। बताया जाता है कि पिछले कई दिनों से सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा था।


जिसमें वो बार बाला के साथ शराब के नशे में टल्ली होकर बोतल लिये मंच पर सरेआम ठुमके लगा रहे हैं। डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि दूरबीन न्यूज नही करता है। वायरल वीडियो के बारे में बताया जाता है कि हरपुर भिंडी पंचायत में विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर अपने दरवाजे पर आर्केस्ट्रा का आयोजन करवाया था।


इसी दौरान उसने बारबाला के साथ ठुमका लगाया। जिसके बाद किसी व्यक्ति के द्वारा वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है।

इस संबंध में सदर डीएसपी संजय कुमार पांडेय ने मीडिया को बताया कि उनके द्वारा आर्केस्ट्रा का आयोजन किया गया था, जिसकी अनुमति भी नहीं ली गई थी। वह पूर्व से भी शराब के मामले में दागी थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।






