समस्तीपुर। एटीएम कार्ड बदलकर खरीदारी एवं रुपये की निकासी करने वाले दो साइबर बदमाश को दलसिंहसराय पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से अलग-अलग बैंकों के 118 एटीएम कार्ड भी बरामद की गयी है। पकड़े गये बदमाशों में गया जिले के वजीरगंज थाना के बजौल गांव के आशीष सिंह का पुत्र दीपक कुमार एवं महतार थाना के नैली गांव के नरेंद्र कुमार का पुत्र रितेश कुमार शामिल है। एटीएम फ्रॉड मामले में बदमाशों को गिरफ्तार करने की जानकारी एसडीपीओ दिनेश कुमार पांडेय ने दी।


उन्होंने बताया कि शहर के घाट नवादा स्थित एक जेवर विक्रेता के यहां सोना के चैन की खरीदारी करने आये दोनो आरोपी दो एटीएम कार्ड के माध्यम से भुगतान करने की प्रक्रिया पूरी कर रहे थे। उसी दौरान गुप्त सूचना पर एसडीपीओ दिनेश कुमार पांडेय के नेतृत्व में पहुंची पुलिस ने चोरी के 118 एटीएम कार्ड के साथ दोनों को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से दो मोबाइल एवं 10 हजार नकद भी बरामद किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस को देखकर बाहर सड़क पर कार में मौजूद एक अन्य बदमाश कार समेत फरार हो गया।


एसडीपीओ ने बताया कि ये लोग एटीएम के बाहर लाइन में लगकर लोगों को प्रभावित कर चोरी से उनका एटीएम कार्ड बदल लेते थे तथा चालाकी से पासवर्ड भी हासिल कर लेते थे। इसके बाद चोरी किये एटीएम कार्ड से सम्बंधित ग्राहक के बैंक खाता से सारे रुपये निकाल लेते थे। इसी सिलसिले में कार से दलसिंहसराय आकर जेवर की दुकान से चोरी के एटीएम कार्ड से सोना एवं चांदी का जेवर खरीदने का दोनों आरोपी प्रयास कर रहा था।


उन्होंने बताया कि पकड़े गये बदमाशों का अन्य जिले से आपराधिक इतिहास पता किया जा रहा है। पुलिस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अनिल कुमार, अपर थानाध्यक्ष शम्भू सिंह, एसआई जवाहर राम, मंजुला मिश्रा, आफताब अहमद खां के अलावे अन्य पुलिस कर्मी का शामिल रहना बताया गया।





