विद्यापतिनगर में बदमाशों ने की थी ताबड़तोड़ फायरिंग, 24 घंटे बाद भी नहीं हो पायी पहचान

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े

समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले के विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के बढ़ौना स्कूल के पास ताबड़तोड़ हुई फायरिंग के मामले में पुलिस के हाथ 24 घंटे के बाद भी खाली है। हालांकि घटना के पीछे के कारण एवं इसमें शामिल बदमाशों की पहचान करने का पुलिस ने दावा किया है। जबकि इस घटना के बाद उक्त गांव में तरह-तरह के चर्चे भी हैं। साथ ही लोगों में दहशत का माहौल भी बना हुआ है। विदित हो कि विद्यापतिनगर थाना अंतर्गत बढ़ौना गांव में मंगलवार को बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां चलायी थी। हालांकि युवक ने भाग कर अपनी जान बचाने में सफल रहा। लेकिन गोलियों की आवाज से गांव के लोग दहशत में डूब गये।

घटना की सूचना मिलने के दो घंटे बाद पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से गोलियों के छह खोखे बरामद किया। हालाकि इस मामले में देर शाम तक किसी ने प्राथमिकी के लिए थाना में आवेदन नहीं दिया था। मिली जानकारी के अनुसार, दिन में करीब दस बजे मध्य विद्यालय बढ़ौना के समीप स्थित चाय दुकान पर बढ़ौना गांव निवासी धर्मेंद्र राय का पुत्र पीयूष कुमार चाय दुकान पर खड़ा था। उसी समय बाइक से दो बदमाश पहुंचे और उस पर गोली चलाने लगे।

जिसके बाद युवक ने किसी तरह भाग कर अपनी जान बचायी। वहीं आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गयी। जिसे जहां मौका मिला वहीं जान बचाने के लिए छुप गया। बताया गया है कि बदमाशों ने ताबड़तोड़ कई राउंड फायरिंग की जिसकी आवाज से आसपास के लोग भी दहशत में डूब गये। ग्रामीणों ने बताया कि बदमाशों के गोलीबारी कर जाने के तुरंत बाद लोगों ने विद्यापतिनगर थाने की पुलिस को घटना की सूचना दी। लेकिन पुलिस दो घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंची। घटनास्थल की छानबीन के बाद पुलिस ने छह खोखे भी बरामद किये।

ग्रामीणों ने बताया कि यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है। विद्यापतिनगर थाना अध्यक्ष फिरोज आलम ने बताया कि बढ़ौना गांव में बदमाशों ने गोलीबारी की है। घटना स्थल से छह खोखा बरामद मिला है। इस मामले में अब तक किसी ने आवेदन नहीं दिया है। वैसे पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच में जुटी हुई है। गोलीबारी करने वाले बदमाशों की पहचान का भी प्रयास शुरू कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *