समस्तीपुर/सिंघिया। सिंघिया प्रखंड के सालेपुर पंचायत के मुखिया की कार्यशौली से क्षुब्ध लोगों ने पंचायत भवन में तोड़फोड़ करने के साथ मुखिया को अपमानित भी किया। यह घटना सोमवार शाम में हुई। पंचायत भवन में तोउ़फोड़ से लाखों की क्षति हुई। घटना की सूचना पर पुलिस पहुंची तब मामला शांत हुआ। बताया गया है कि तोड़फोड़ करने वाले पूर्व में मुखिया के ही समर्थक थे। लेकिन बाद में वे मुखिया की कार्यशैली से नाराज हो गये थे। सभी ने मुखिया के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था।


बताया गया है कि सोमवार शाम सभी को मुखिया के पंचायत भवन में मौजूद रहने की सूचना मिली जिसके बाद सभी एकजुट होकर पहुंचे और पंचायत भवन पर धावा बोल दिया। नाराज लोगों ने मुखिया को अपमानित करने के साथ पंचायत भवन में तोड़ फोड़ शुरू कर दी। इस मामले में मुखिया अशोक पासवान ने थाने में आवेदन दिया है। जिसमे चार लोगों को नामजद किया है। आवेदन में कहा है कि सोमवार शाम एक कार से चार लोग अचानक पंचायत भवन पहुंचे और उन्हें गाली देने के साथ गोली मार देने की धमकी दी।


उसके बाद पंचायत भवन में रखे समान को तोड़ने लगे। पुलिस के आने की सूचना पर सभी फरार हो गये। दूसरी ओर चर्चा है कि पूरा मामला पंचायत चुनाव में पैसे के लेनदेन तथा योजनाओं के कार्यान्वयन से जुड़ा हुआ है। बताया जा रहा है कि पंचायत चुनाव में इनलोगो ने मुखिया की हर तरह से मदद की थी। चुनाव में जीतने के बाद मुखिया ने सभी को तरजीह देना बंद कर दिया। इसी से आक्रोशित हो लोगों ने इस घटना को अंजाम दिया। इस मामले में सिंघिया थाना अध्यक्ष कृष्णकांत मंडल ने बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गयी है।







