पूर्व उपमुख्य पार्षद हत्याकांड: रोसड़ा उपमुख्य पार्षद के आवेदन पर भाजपा नेता सहित छह पर प्राथमिकी दर्ज

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े

समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले के रोसड़ा के पूर्व उपमुख्य पार्षद एवं रोसड़ा नगर परिषद के उपमुख्य पार्षद के पति अरुण कुमार महतो हत्याकांड में प्राथमिक दर्ज की गयी है। रोसरा नगर परिषद की उपमुख्य पार्षद बबिता देवी ने अपने पति अरुण कुमार महतो की हत्या करने की प्राथमिकी रोसरा थाना में दर्ज कराई है। नगर परिषद के उप मुख्य पार्षद बबीता कुमारी के पति अरुण कुमार महतो हत्याकांड में छह लोगों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। मृतक की पत्नी व नप की उप मुख्य पार्षद बबीता देवी के आवेदन पर दर्ज की गयी प्राथमिकी में रोसड़ा शहर के ढाब मोहल्ला निवासी भाजपा नेता संजय सिंह, शहर के वार्ड 23 के पार्षद मनीष रजक, दामोदरपुर निवासी बबलू सिंह, शहर के कटहलबन्नी मोहल्ला निवासी साकेत कुमार उर्फ राजा तथा शहर के लक्ष्मीपुर मोहल्ला निवासी प्रदीप पूर्वे उर्फ गरीब पूर्वे व सुधीर पूर्वे को आरोपित किया गया है।

विदित हो कि 7 सितंबर की सुबह रोसड़ा में अरुण कुमार महतो की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। रोसड़ा थाना में दर्ज प्राथमिकी में कई चर्चित चेहरे शामिल होने के बाद मामला हाईप्रोफाइल हो गया है। आवेदन में आरोपियों के साथ राजीनीतिक व जमीन विवाद रहने की बात बतायी गयी है। कहा गया है अरुण महतो ने पूर्व में भी आरोपियों द्वारा हत्या किये जाने की आशंका जताई थी। इन आरोपियों द्वारा बार-बार हत्या की धमकी दिए जाने की भी बात बतायी गयी है। प्राथमिकी में कहा गया है कि बीते 07 सितम्बर को अरुण महतो अपने घर से स्टैंड जाने के लिए निकले थे। उसी दौरान पूर्व से घात लगाए बाइक सवार तीन अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी।

आवेदन में घटनास्थल पर दो बाइक का मौजूद रहना बताया गया है। एक बाइक सवार अरुण महतो के पीछे से आ रहा था, जबकि बाइक सवार तीन अपराधी सामने से आ रहे थे। आवेदन में आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी चर्चा की गई है। आरोपी बबलू सिंह व राजा सिंह को हत्या मामले में सजायाफ्ता बताया गया है। वहीं भाजपा नेता के खिलाफ भी एक केस दर्ज रहने की बात कही गयी है।

इधर, प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से पुलिस द्वारा आवेदन में जिक्र किये गए बिंदुओं पर भी गहनता से जांच शुरू कर दी गयी है। थानाध्यक्ष प्रसुन्जय कुमार ने बताया कि आवेदन के आधार पर कांड संख्या 503/23 दर्ज कर लिया गया है। पुलिस तमाम पहलुओं पर तहकीकात कर रही है। हर बिन्दुओं पर तहकीकात की जा रही है। शीघ्र ही मामले का पटाक्षेप कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *