हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े
दरभंगा। संस्कृत विश्वविद्यालय की लंबित परीक्षाओं का रिजल्ट 10 से 15 सितंबर तक जारी होने की संभावना है। उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य संपन्न हो चुका है। रिजल्ट तैयार करने की प्रक्रिया चल रही है। रिजल्ट जारी होने के बाद आचार्य (पीजी) एवं शास्त्री (स्नातक) की नामांकन प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। संस्कृत विवि की उपशास्त्री लेकर आचार्य तक की वर्ष 2020 से लंबित परीक्षाओं का आयोजन एक से नौ अगस्त तक राज्यभर के कुल 14 केंद्रों पर किया गया था। परीक्षा में करीब 10 हजार परीक्षार्थी शामिल हुए थे। इनकी उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य विवि मुख्यालय में 22 अगस्त से शुरू हुआ था।


मूल्यांकन कार्य में 140 शिक्षकों को लगाया गया था। परीक्षा नियंत्रक शैलेन्द्र मोहन झा ने बताया कि उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य संपन्न हो चुका है। अब रिजल्ट तैयार किया जा रहा है। इस कार्य में डाटा सेंटर लगा हुआ है। उन्होंने बताया कि 10 से 15 सितंबर तक रिजल्ट जारी कर दिया जाएगा। बता दें कि विवि के बेपटरी हो चुके शैक्षणिक सत्र को पटरी पर वापस लाने के लिए तीन जुलाई को शिक्षा विभाग ने गजट अधिसूचना जारी करते हुए विभिन्न सत्रों की लंबित परीक्षाओं का आयोजन छह से 12 जुलाई तक आयोजित करने और इनका परीक्षाफल छह से 12 सितंबर तक जारी करने का आदेश दिया था।


विवि के आचार्य प्रथम सेमेस्टर (सत्र 2021-23), आचार्य द्वितीय सेमेस्टर (सत्र 2020-22), आचार्य तृतीय सेमेस्टर (सत्र 2019-21), शास्त्री सामान्य व प्रतिष्ठा प्रथम खंड (सत्र 2021-24), शास्त्री द्वितीय खंड (सत्र 2020-23), शास्त्री तृतीय खंड (सत्र 2019-22), उपशास्त्री (सत्र 2020-22) तथा उपशास्त्री (सत्र 2021-23) की परीक्षाएं लंबित चल रही थी। अधिसूचना जारी होने के बाद संस्कृत विवि ने 18 से 26 जुलाई तक का परीक्षा कार्यक्रम जारी किया, हालांकि बाद में कार्यक्रम में बदलाव करते हुए परीक्षाओं का आयोजन एक से नौ अगस्त तक किया गया।


परीक्षाफल जारी होने के साथ ही आचार्य के सत्र 2022-24 में नामांकन का रास्ता साफ हो जाएगा। आचार्य सत्र 2023-25 में नामांकन में अभी समय लगेगा, क्योंकि अभी शास्त्री के सत्र 2020-23 के द्वितीय खंड की परीक्षा ही ली गई है। इसके तृतीय खंड का रिजल्ट आने के बाद ही आचार्य के 2023-25 सत्र में नामांकन संभव होगा। वहीं, शास्त्री के सत्र 2022-25 एवं 2023-27 में उपशास्त्री उत्तीर्ण करने वाले छात्रों का नामांकन हो सकेगा।





