समस्तीपुर/खानपुर। जिले के खानपुर थाना क्षेत्र के खानपुर उत्तरी पंचायत के वार्ड संख्या छह स्थित व्यवसायी मो. रईस आलम के घर हुई दिन दहाड़े डकैती मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामल में व्यवसायी के बगलगीर का भांजा ही मास्टरमाइंड निकला। पुलिस ने मास्टरमाइंड सहित तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। समस्तीपुर एसपी विनय तिवारी ने प्रेसवार्ता करते हुए बताया कि दो सितंबर को दिन दहाड़े बदमाशों ने पिस्टल का भय दिखाते हुए व्यवसायी मो रईस आलम के घर लूट की घटना को अंजाम दिया था। इस मामले में विभूतिपुर थाना क्षेत्र के मुस्तफापुर के मो. एजाए उर्फ जुगनू, रोसडा थाना के रहुआ निवासी मो. अकबर उर्फ जुगनू एवं दलसिंहसराय के टरसपुर के मो. इश्तेशार अहमद को गिरफ्तार किया गया है।


एसपी ने बताया कि घटना में प्रयुक्त ब्लू रंग की अर्टिगा कार, कांड में प्रयुक्त तीन मोबाइल एवं लूट की 36 हजार रुपए भी बरामद किया गया है। एसपी ने बताया कि दो सितंबर को दिन के लगभग सवा एक बजे कार सवार तीन अज्ञात अपराधियों ने पिस्टल भय दिखाते हुए व्यवसायी के घर से लगभग साढ़े तीन लाख रुपए लूट लिया था। इसमें व्यवसायी के पुत्र ने मौका पाते ही घर से भाग गया था। इसके बाद घटना के खुलासा के लिए सदर डीएसपी संजय कुमार पांडेय के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था। एसआईटी में डीआईयू प्रभारी इंस्पेक्टर मुकेश कुमार, नगर थानाध्यक्ष विक्रम आचार्य, दारोगा शनि कुमार मौसम, राहुल कुमार, राजन कुमार, सिपाही अखिलेश कुमार व मिथिलेश कुमार शामिल किया गया।


जिसके बाद खानपुर बाजार एवं अपराधियों के भागने की दिशा में सीसीटीवी फुटेज को खंगाला गया। जिसके बाद कार का रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर कांड की जांच करते हुए गिरफ्तारी की गयी। एसपी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना का मुख्या मास्टर माइंड मो. एजाज उर्फ जुगनू है। जिसका ननिहाल व्यवसायी के घर के पास ही स्थित है। जुगनू ने छह अपराधियों की मदद से घटना को अंजाम दिया। व्यवसायी के घर आने जाने के कारण उसे पूरी जानकारी दी। जिसके बाद उसने मो नासिर उर्फ नसरा और मो अमजद उर्फ बंठा के साथ मिलकर लूट की योजना बनायी।


योजना बनाने के बाद 30 अगस्त को गाड़ी मालिक मो. इंतेशार अहमद और चालक मो. अकबर उर्फ जुगनू के साथ मिलकर खानपुर बाजार पहुंचा। इसके बाद घटना स्थल की रेकी करना शुरु किया। फिर दो सितंबर को व्यवसायी केघर से निकलने के बाद घटना को अंजाम दिया। फिर सभी दलसिंहसराय क्षेत्र के बुलाकीपुर स्थित गाछी में बैठकर रुपए का बंटवारा किया।





