समस्तीपुर की सोनाली का अंडर- 14 बिहार महिला फुटबॉल टीम में हुआ चयन, नेशनल सब जूनियर अंडर-14 फुटबॉल टूर्नामेंट में बिहार का करेगी प्रतिनिधित्व

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े

समस्तीपुर/शाहपुरपटोरी। शाहपुर पटोरी प्रखंड के भौआ निवासी विनोद राय की पुत्री सोनाली कुमारी का अंडर- 14 बिहार महिला फुटबॉल टीम में चयन हुआ है। वर्तमान में सोनाली राजकीय एकलव्य प्रशिक्षण केंद्र, विद्यापतिनगर में फुटबॉल का प्रशिक्षण ले रही थी। 7 अगस्त को मुजफ्फरपुर में आयोजित राज्यस्तरीय ट्रायल के बाद चयन समिति ने सोनाली का राज्य टीम में चयन किया गया। वह ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन के तत्वावधान में पंजाब के अमृतसर में होने वाले नेशनल सब जूनियर अंडर-14 फुटबॉल टूर्नामेंट में बिहार का प्रतिनिधित्व करेगी।

नेशनल टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए सोनाली टीम मैनेजर व कोच के साथ शुक्रवार को अमृतसर के लिए प्रस्थान कर गयी। ज्ञात हो कि जीबी इंटर स्कूल, शाहपुर पटोरी में नौवीं कक्षा की छात्रा सोनाली का चयन राजकीय महिला फुटबॉल एकलव्य प्रशिक्षण केंद्र विद्यापति नगर के लिए इसी वर्ष अप्रैल माह में हुआ था। उससे पूर्व सोनाली पटोरी में ही बच्चों के खेल प्रशिक्षक के रूप में पहचान बनाने वाले आदित्य कुमार लाला से फुटबॉल का प्रशिक्षण ले रही थी।

आदित्य कुमार लाला द्वारा अक्सर गरीब बच्चे – बच्चियों के लिए निशुल्क फुटबॉल प्रशिक्षण कैंप का आयोजन किया जाता है। सोनाली ने भी उसी प्रशिक्षण कैंपों से फुटबॉल की बारीकियां सीखीं। सोनाली की इस उपलब्धि पर पटोरी के खेल प्रेमियों, खिलाड़ी, बुद्धिजीवियों व छात्र -छात्राओं में हर्ष व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *