समस्तीपुर। बिहार में एक बार फिर जंगल राज कम बैक हो गया है। जिसके कारण नीतीश कुमार की सुशासन वाली सरकार में अपराधी इतना बेखौफ हो गया है कि थानाध्यक्ष को भी गोली मारने में नही हिचकते हैं। ताजा मामला समस्तीपुर जिले का है, जहां पशु तस्करों को गिरफ्तार करने गई समस्तीपुर पुलिस पर अपराधियों ने हमला बोल दिया। इस दौरान बेखौफ अपराधियों ने थाना अध्यक्ष नंदकिशोर यादव के सिर में गोली मार दी। जिसके कारण पटना में इलाज के दौरान थाना अध्यक्ष शहीद हो गए। समस्तीपुर में अपराधियों का बेखौफ होकर तांडव करना कोई नई बात नहीं है। इससे पूर्व ही अपराधी कई बार पुलिस को अपना निशाना बना चुके हैं। लगभग 5 साल पूर्व भी सरायरंजन में सैप के जवान को भी अपनी शहादत देनी पड़ी थी।


मिली जानकारी के अनुसार सोमवार रात में छापेमारी के दौरान भैस चोरों ने मोहनपुर ओपी अध्यक्ष नंद किशोर यादव को गोली मार गंभीर रूप से जख्मी कर दिया था। अपराधियों की गोली ओपी अध्यक्ष के सिर व आंख में लगी थी। जख्मी होने के बाद उन्हें दलसिंहसराय अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया। जहां से बेगूसराय रेफर कर दिया था। लेकिन वहां से भी उन्हें पटना रेफर किया गया। जिदके बाद पटना ले जाने के क्रम में उनकी मौत हो गयी। इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक महकमे में शोक की लहर फैल गयी।



एसपी विनय तिवारी के अनुसार, मोहनपुर ओपी क्षेत्र में कुछ दिनों से भैस चोर गिरोह सक्रिय था। चोर लगातार ओपी क्षेत्र में भैस चोरी की घटना को अंजाम दे रहे थे। जिससे पुलिस चोर गिरोह को पकड़ने की कोशिश में लगी हुई थी। इसी क्रम में सोमवार की रात पुलिस ने मोहनपुर ओपी अध्यक्ष नंद किशोर यादव के नेतृत्व में पिकअप के साथ तीन भैस चोर को मोहनपुर क्षेत्र में पकड़ ओपी लाया गया। जिसके बाद पूछताछ में चोरों ने अपने गिरोह के अन्य साथियों के बारे में जानकारी दी। उजियारपुर थाना के शहबाजपुर गांव में मौजूद रहने की जानकारी दी। जिस पर दो भैंस चोर को साथ लेकर ओपी अध्यक्ष व पुलिस के जवान उजियारपुर थाना के शहबाजपुर गांव में छापेमारी करने गयी थी। इसी दौरान अपराधियों ने मोहनपुर ओपी अध्यक्ष नंद किशोर यादव को गोली मार दी थी।


बताया गया है कि ओपी अध्यक्ष गाड़ी जैसे ही उतरे अपराधियों ने उन पर गोली चला दी। जो ओपी अध्यक्ष की आंख व सिर में लगी। उसके बाद चोर गिरोह के सदस्य फरार हो गए। इस दौरान धराये दो चोर भी अपने साथी के साथ भागने में सफल रहे। एसपी विनय तिवारी ने बताया कि पकड़े गए भैस चोर से गिरोह के सदस्यों की जानकारी ली जा रही है। चोर गिरोह के नालन्दा के होने की संभावना है। पुलिस सभी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में जुटी हुई है।





