समस्तीपुर। मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में दो महीने पूर्व व्यवसायी से रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। साथ ही रंगदारी मांगने वाले गिरोह में शामिल तीन अन्य बदमाशों की पहचान भी की गयी है। जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी करने में जुटी है। इस घटना में शामिल अपराधी बेगूसराय जिले के बछवाड़ा थाना क्षेत्र का है। उक्त जानकारी पुलिस कार्यालय में प्रेसवार्ता में एसपी विनय तिवारी ने शनिवार को दी।

प्रेसवार्ता के दौरान एसपी विनय तिवारी ने कहा कि मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के दवा व कीटनाशक व्यवसायी के घर पर्ची फेंककर दस लाख रुपए की रंगदारी मांगी गयी थी। इस मामले में एसआईटी की टीम ने बेगूसराय और मोरवा थाना क्षेत्र में छापेमारी कर तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार बदमाशों में बेगूसराय जिले के बेगमसराय थाना क्षेत्र के राकेश कुमार के अलावा मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के गंगापुर निवासी रजनीश कुमार व मोरवा डीह के रोशन कुमार है। एसपी ने बताया कि 11 मई की रात्री में मुसरीघरारी थानान्तर्गत दवा एवं कीटनाशक खाद व्यवसायी के घर पर्ची फेंककर रंगदारी की मांग की गयी थी।

व्यवसायी के घर पर तीन अज्ञात अपराधी, जो हेलमेट पहने हुए आये और एक टाइप किया हुआ फर्चा फेंक कर चला गया। पर्चे पर दस लाख रुपये फिरौती की मांग की गई थी। नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई थी। साथ ही रुपौली हाईस्कूल के पीछे रंगदारी की राशि पहुंचाने की बात कही गयी थी। साथ ही फोन कर भी रंगदारी की मांग की गयी थी।

इसके बाद व्यवसायी ने मुसरीघरारी थाना में मामला दर्ज कराया था। इस मामले पर अज्ञात बदमाशों पर प्राथमिकी दर्ज की गयी थी। इस मामले में गठित की गयी एसआईटी की टीम ने वैज्ञानिक और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर इस मामले में बेगूसराय जिले के बेगमसराय थाना क्षेत्र से राकेश कुमार को गिरफ्तार किया गया। फिर उसकी निशानदेही पर गंगापुर व मोरवा से गिरफ्तारी की गयी।

एसपी ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों ने स्वीकार किया है कि अपराधकर्मी अखिलेश कुमार के दूकान पर पर्ची का टाइप किया गया था। जहां से छापेमारी करते हुए पुलिस ने कंप्यूटर सीपीयू आदि को जब्त किया है। साथ ही तीन मोबाइल भी बरामद किया गया है।

इसके अलावे गिरोह में शामिल तीन अन्य बदमाशों की भी पहचान की गयी है। जिसमें बेगूसराय के दो एवं ताजपुर का एक शामिल है। जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी करने में जुटी है।






