समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के एनएच 28 पर अकलू चौक पर हुई सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वहीं घटना में दो बाइक सवार युवक जख्मी हो गए। जिसका इलाज निजी अस्पताल मे चल रहा है।

मृतक युवक की पहचान मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के चकहबीब गांव वार्ड 12 निवासी पवन पासवान के पुत्र राजू पासवान (23) के रूप में हुई है। वही जख्मी में इसी गांव के मिथिलेश पासवान और अभिनंदन कुमार शामिल है।

परिजनों ने बताया कि तीनों युवक एक ही बाइक से सामान खरीदने अकलु चौक जा रहे थे। इसी दौरान अकलू चौक पर तेज रफ्तार से आ रही एक डिजायर कार ने सामने से टक्कर मार दी। जिसके बाद तीनों युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

आनन-फानन में तीनों युवक को स्थानीय लोगों की मदद से निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन वहां एक युवक को मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद पुलिस ने शव को जप्त कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

घटना की सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था। परिजनों ने बताया कि घटना होते ही अकलू चौक से ही कुछ लोगों ने घटना की जानकारी दी। जब तक वह घटनास्थल पर पहुंचे तब तक राजू की मौत हो चुकी थी।

बता दें कि समस्तीपुर जिले में इन दिनों रफ्तार का कहर लगातार जारी है। वाहनों की तेज ड्राइविंग एवं ओवरटेकिंग के कारण लगातार लोगों की जान जा रही है।

2 दिन पूर्व भी ताजपुर थाना क्षेत्र के एनएच 28 पर दो युवक की मौत पिकअप की टक्कर से हो गई थी। दोनों मृतक युवक मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव का ही रहने वाले थे।






