समस्तीपुर। राष्ट्रीय वन महोत्सव के अवसर पर जिले भर में विभिन्न स्थानों पर वन महोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके तहत लोगों ने पौध रोपण करते हुए पर्यावरण को बचाने का संकल्प लिया। इस कड़ी में शिवाजीनगर प्रखंड के परसा पंचायत में बिहार वन महोत्सव एवं जल जीवन हरियाली मनरेगा के तहत पौधरोपण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारी रजनीश कुमार एवं प्रखंड प्रमुख डॉ. गोविंद कुमार ने पौधारोपण कर कार्यक्रम की शुरुआत की।

मौके पर कार्यक्रम पदाधिकारी रजनीश कुमार ने बताया कि जल जीवन हरियाली के तहत प्रखंड के सभी 17 पंचायतों में 34 सौ फलदार एवं अन्य सभी प्रकार के पौधे लगाएं जाएंगे।

पौधारोपण निजी व सरकारी भूमि पर की जाएगी। कार्यक्रम में मनरेगा जेई राजीव कुमार, नीरज प्रकाश, पीटीए प्रशांत कुमार, शेखर सुमन, पंचायत समिति सदस्य सरोज कुमार, सीताराम यादव, लाल बहादुर शर्मा आदि मौजूद थे।

इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि देश का पर्यावरण असंतुलित होते जा रहा है। इसका मुख्य कारण है हरियाली। बदलते जीवन में लोग अपनी सुविधा के लिए पेड़ पौधे को काटकर मकान बना रहे हैं। लेकिन उसके बदले पौधे लगाने में लोग दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं।

वक्ताओं ने कहा कि देश में पर्यावरण को संतुलित करने के लिए बिहार सरकार का जल जीवन हरियाली योजना अमृत का काम कर रही है। इसके तहत पौध रोपण किया जा रहा है। साथ ही जल संरक्षण के क्षेत्र में भी कार्य किए जा रहे हैं।

बता दें कि राज्य स्तरीय वन महोत्सव कार्यक्रम के तहत जिलेभर में पौधरोपण का कार्य किया गया। इसके तहत मुख्यमंत्री ने भी पौधरोपण करते हुए 2 माह में चार करोड़ पौधे लगाने का निर्देश वन विभाग को दिया। जिसमें आम लोगों को सहयोग करने की भी अपील की गई।

बता दें कि जनसंख्या के कारण लोग शहर से लेकर गांव तक पेड़ काटकर मकान व बाजार तैयार कर रहे हैं, लेकिन इसके एवज में खाली जगह पर पौधरोपण नहीं किया जा रहा है। जिसके कारण पर्यावरण और संतुलित होते जा रहा है।






