समस्तीपुर। रोसड़ा थाना क्षेत्र के नंदेनगर बलहा में रविवार की देर शाम दो गुटों में भीषण झड़प हो गयी। इस दौरान उपद्रवियों ने दो बाइक भी फूंक डाली। वहीं नंदेनगर ठाकुरबाड़ी के महंथ रामसुंदर दास (35) के साथ मारपीट कर बुरी तरह जख्मी कर दिया। स्थानीय लोगों द्वारा महंथ को ईलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने महंथ की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर चिकित्सा के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया।

इधर , घटना की सूचना मिलते ही रोसड़ा पुलिस घटनास्थल पहुंची। जहां उपद्रवियों द्वारा फूंकी बाइक को अपने कब्जे में ले लिया। वहीं घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों को समझा-बुझा कर हटाया। इस दौरान रोसड़ा-हथौड़ी मुख्य पथ पर यातायात भी प्रभावित रहा।

मिली जानकारी के मुताबिक एक पक्ष के लोग चार पहिया वाहन व बाइक पर सवार होकर दूसरे पक्ष के घर पहुंचे व हमला बोल दिया। बताया जाता है कि एकजुट होकर आए लोग दूसरे पक्ष के एक सदस्य को जबरन उठा कर वाहन में बिठाना चाह रहे थे। इसी बात को लेकर वहां के स्थानीय लोग भड़क गए और जिनकी भिड़ंत उपद्रवियों के साथ हो गयी।

इस बीच उपद्रवी ठाकुरबाड़ी में घुस आए और महंथ के साथ भी मारपीट शुरू कर दी। बता दें कि ठाकुरबाड़ी की जमीन को लेकर वर्चस्व के लिए दो गुटों में पुरानी रंजिश चल रही है। साल भर पूर्व भी इन गुटों के बीच भीषण झड़प हुआ था।

जिसमें आधा दर्जन से अधिक चार पहिया वाहनों व एक दर्जन बाइक को क्षतिग्रस्त कर दिया था। वहीं एक पक्ष के घर में घुसकर भी उत्पात मचाया गया था। अनुमंडल अस्पताल में इलाजरत महंथ रामसुंदर दास ने भी ठाकुरबाड़ी की जमीन हड़पने की नीयत से ही हमला किये जाने की बात कही है।

इस संबंध में थानाध्यक्ष प्रसुंजय कुमार ने बताया कि घटनास्थल पर जली दो बाइक को अपने कब्जे में ले लिया गया है। दो पक्षों में भिड़ंत की बात सामने आ रही है। मामले की गहनता से तहकीकात की जा रही है।

फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है, लोगों द्वारा अफवाह फैलाया जा रहा है। स्थिति नियंत्रण में है। दोनों पक्ष से लिखित आवेदन प्राप्त होने पर अग्रेत्तर कार्रवाई की जाएगी।






