समस्तीपुर। सदर अस्पताल में रेफर प्रसूता की इलाज से पूर्व ही मौत हो गयी। मृत घोषित होने के बाद परिजन शव को लेकर वापस लौट गए। मृत प्रसूता की पहचान मोरवा प्रखंड के वाजितपुर करनैल के दिपक कुमार की पत्नी बेबी कुमारी के रुप में की गयी है। परिजनों ने बताया कि बेबी कुमारी को प्रसव के लिए पटोरी पीएचसी में भर्ती कराया गया था।

गुरुवार की रात प्रसव होने के बाद अचानक मरीज को ब्लीडिंग की समस्या शुरु हो गयी। जिसके बाद उसे आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया।

सदर अस्पताल में मरीज के पहुंचने के बाद एंबुलेंस में ही ऑन ड्यूटी महिला चिकित्सक द्वारा प्रसूता की जांच की गयी। जांच के बाद चिकित्सक ने प्रसूता को मृत घोषित कर दिया।

जिसके बाद परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इसके बाद परिजन शव को लेकर वापस घर लौट गए। बताया जाता है कि अधिक ब्लीडिंग होने के कारण मरीज की मौत रास्ते में ही हो गयी थी।









