सीतामढ़ी। सीतामढ़ी बशहर के डुमरा रोड स्थित डिजनीलैंड मेला में शनिवार की देर शाम टावर झूला का अचानक से चेन टूट गया। जिससे टावर झूला के एक डब्बा में बैठे चार लोग अचानक से नीचे लोगों पर जा गिरा। जिसमें एक गर्भवती सहित करीब आधा दर्जन जख्मी हो गया। जिसमें से महिला समेत दो की स्थिति गंभीर बतायी जा रही है। जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया है। हादसे के बाद मेला में अफरातफरी मच गया। हालांकि इस हादसे में खबर लिखे जाने तो कोई हताहत नहीं हुआ था। वहीं तीन अन्य को शहर के किसी निजी अस्पताल में परिजन ने भर्ती कराया है।

हादसा कैसे हुआ यह अबतक स्पष्ट नहीं हो सका है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक झूला का चेन टूट गया जिसके बाद यह हादसा हुआ। मेला संचालक ने हादसे को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी है। वहीं सूचना पर पहुंची मेहसौल ओपी पुलिस ने मेला के प्रवेश द्वार को सील करते हुए जांच शुरू कर दी है। हादसे की वजह की तलाश की जा रही है। जख्मीं मोतिहारी के पिपराकोठी निवासी मो जहांगीर के पुत्र मो. राशिद ने बताया कि बकरीद मनाने बहन के यहां सीतामढी आया था। बहन व परिवार के एक अन्य सदस्य के साथ डिजनीलैंड मेला घूमने आया था।

उसने बताया कि झूला से एक आवाज आयी इसके बाद डब्बा एक ओर झूक गया। जिससे उसमें सवार चार लोग नीचे जा गिरे। मो. राशिद का कमर एवं बाया पैर बुरी तरह से फैक्चर हो गया है। वहीं दूसरे जख्मी मुरलिया चक निवासी मो. परवेज आलम की पत्नी एवं राशिद की बहन शहनाज खातून का कंधा टूट गया है।

वहीं पुनौरा निवासी मो. अकरम की पत्नी सुल्ताना खातून को जबरा एवं शरीर में हल्की चोटें आई है। सुल्ताना गर्भवती भी थी। जिससे वह गिरते ही बेहोश हो गयी। वहीं तीन अन्य की पहचान नहीं हो सकी है। परिजन ने इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में ले गए। घटनास्थल पर मेहसौल ओपी प्रभारी गौरीशंकर बैठा ने पहुंचकर मामले की छानबीन की।

पूर्व में भी हो चुकी है इस प्रकार की घटना इससे पूर्व भी डिजनीलैंड मेला में झूला टूटने की घटना हो चुकी है। जिसमें भी कई लोग जख्मी हुए थे। मेला संचालक की थोड़ी सी लापरवाही से बड़ा हादसा हो सकता था। प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि झूला धीमा हो गया था। जिस वजह से बड़ा हादसा नहीं हुआ। अन्यथा झूला में गति होती तो कई की जान भी जा सकती थी।

मेहसौल ओपी प्रभारी गौरीशंकर बैठाने बताया की मेला लगाने से पूर्व ओपी से कोई एनओसी नहीं दिया गया है। मामले से वरीय अधिकारी को अवगत करा दिया गया है। हालांकि उन्होंने कहा कि सुबह में मेला लगाने के संबंध में सारे कागजात की जांच की जाएगी।

कोई गलती होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। ओपी प्रभारी ने बताया कि मेला को खाली कराने के लिए अनुशंसा की जाएगी। हालांकि मेला संचालक ने बताया कि एसडीओ की ओर से उन्हें मेला लगाने की अनुमति मिली है।





