यहां क्लीक कर व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े
समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित कतिपय हेल्थ सब सेंटर एवं हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के कर्मी क्षेत्र भ्रमण के नाम पर गायब रहते हैं। जिसके कारण इन सेंटरों पर ताला लटका रहता है। इसका खुलासा वरीय अधिकारियों के निरीक्षण के दौरान पाया गया। इससे पूर्व भी कई बार हेल्थ सब सेंटर के बंद होने पर एएनएम के क्षेत्र में होने की जानकारी देकर फाइल को बंद किया जा चुका है। हाल के दिनों में एक बार फिर इस तरह के मामले सामने आने पर सीएस डॉ. एसके चौधरी ने एक सीएचओ सहित पांच एएनएम से जवाब तलब किया है। साथ ही सीएचसी प्रभारी से भी इस मामले में जवाब मांगा गया है। ताजा मामला कल्याणपुर प्रखंड का है।

मिली जानकारी के अनुसार 17 जून को बीएचएम एवं यूनिसेफ के एसएमसी द्वारा स्वास्थ्य संस्थानों का भ्रमण किया गया। इस दौरान हेल्थ सब सेंटर सह हेल्थ वेलनेस सेंटर भगीरथपुर पूरी तरह बंद था। जिसके कारण सीएचओ मनोज कुमार जग्रवाल, एएनएम रीता कुमारी, सरिता कुमारी एवं विद्या भारती अनुपस्थित थी। जबकि हेल्थ सब सेंटर सह हेल्थ वेलनेस सेंटर परतापुर में कर्मियों की संख्या कम थी।

निरीक्षण के दौरान सीएचओ श्वेता कुमारी एवं एएनएम माधुरी कुमारी उपस्थित थी। लेकिन एएनएम कामिनी कुमारी झा एवं इंदु कुमारी अनुपस्थित थी। दोनों संस्थानों में चार-चार की संख्या में सीएचओ व एएनएम की पदस्थापना के बावजूद केंद्र का बंद होना गंभीर मामला है। जिसको देखते हुए सीएस के निर्देश पर पीएचसी प्रभारी ने उक्त पांचों कर्मियों से जवाब मांगा है। इस मामले को देखते हुए सीएस डॉ. एसके चौधरी ने सभी पीएचसी प्रभारी को स्वास्थ्य उपकेंद्रों पर एएनएम की उपस्थिति सुनिश्चित करने का आदेश दिया है।

सीएस के द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान यह पाया जाता है कि स्वास्थ्य उप केंद्रों पर कोई भी एएनएम उपस्थित नहीं रहती है। कारण पूछने पर टीकाकरण के लिए क्षेत्र में जाने की बात कही जाती है। पूर्व में भी राज्य स्वास्थ्य समिति से स्पष्ट निर्देश दिया जा चुका है कि सभी स्वास्थ्य उपकेंद्रों पर सीएचओ के साथ एक एएनएम प्रत्येक कार्य दिवस को कार्य स्थल पर उपस्थित रहेंगे।

पीएचसी में प्रत्येक मंगलवार को साप्ताहिक बैठक में सीएचओ को भी प्रखंड मुख्यालय बलाया जाता है। जबकि राज्य से यह निर्देश प्राप्त है कि मंगलवार को साप्ताहिक बैठक में रोस्टर वाईज एएनएम प्रत्येक सप्ताह उपस्थित होंगी, ताकि स्वास्थ्य उपकेंद्र बंद न रह सके। सीएस ने सभी पीएचसी प्रभारी को उप स्वास्थ्य केंद्रों पर एएनएम की उपस्थिति अनवार्य रुप से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।






