यहां क्लीक कर व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े
समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले में चोरों का आतंक इस कदर है कि यहां मंदिर में बैठे भगवान भी अपने आप को असुरक्षित महसूस करते हैं। जिसके कारण दिखाओ बेखौफ बदमाश मंदिर में घुसकर भगवान के जेवरों की चोरी की घटना को अंजाम देकर बेधड़क निकल जाता है। घटना के 24 घंटे के बाद भी पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी तो दूर कोई सुराग भी नहीं ढूंढ पाई है। बतादें की हसनपुर थाना के हसनपुर में सुभाष चौक स्थित पुराने हनुमान मंदिर में चोरी की घटना को अंजाम देने के साथ चोरों ने प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ भी की। शुक्रवार की रात हुई इस घटना की जानकारी शनिवार सुबह लोगों को उस समय जानकारी मिली जब मंदिर के पुजारी पूजा करने मंदिर में गए।

प्रतिमा की स्थिति देख पुजारी हक्का बक्का रह गए। उसके बाद आसपास के इलाके में मंदिर की घटना आग की तरह फैल गयी। जिससे मंदिर के पास लोगों की भीड़ उमड़ गयी। सूचना मिलने पर हसनपुर थाना अध्यक्ष निशा भारती भी पुलिस बल के साथ पहुंची और घटनास्थल का मुआयना करने के बाद पुजारी से चोरी के बारे में जानकारी ली थी, लेकिन घटना के 24 घन्टे बाद भी पुलिस को कोई सुराग हाथ नही लगा है।

बताया गया है कि चोर हनुमान जी के चांदी के दो मुकुट के अलावा दान पेटी को तोड़ कर दान में मिले रुपये ले गए थे। इसके साथ ही प्रतिमा से छेड़छाड़ की जिससे लोगों में रोष है। इस बावत पुजारी मुन्ना झा ने बताया कि साढ़े चार बजे सुबह पूजा के लिए वे मंदिर में गये। उन्हें गेट की कुन्डी टूटी मिली। अंदर जाने पर हजारों की लागत से बने दो मुकूट, अष्टधातु की घंटी, पीतल का घंटा, दान पेटी के रुपये गायब मिले।

उन्होने बताया कि चोरों ने हनुमान जी की प्रतिमा से भी छेड़छाड़ की। उन्होंने बताया कि मंदिर के बगल के भवन में लगी सीसीटीवी कैमरे के अनुसार शुक्रवार रात 1.47 मिनट में चोर ने मंदिर में प्रवेश किया। पुजारी ने आशंका जतायी कि चोर ने पुल के बगल के रास्ते से मंदिर में प्रवेश किया होगा। पुजारी ने बताया कि चोरी हुए दोनों मुकूट का वज़न सात सौ ग्राम है। घटना की सूचना पर पहुंची हसनपुर थानाध्यक्ष निशा भारती ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज को खंगालने में जुटी हुई है।

उन्होंने बताया कि एक सीसीटीवी फुटेज में बाजार के रास्ते में मंदिर के आस पास एक भी व्यक्ति नजर नहीं आया है। जिससे पुल के रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की जा रही है। इसके साथ ही संदिग्धों के घर पर भी पुलिस छापेमारी कर रही है। इधर, ग्रामीणों ने बताया कि इस मंदिर में चोरी की तीसरी घटना है। पहली बार बारह वर्ष पूर्व एवं दूसरी बार दो वर्ष पूर्व चोरी हुई थी।






