यहां क्लीक कर व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े
समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले जिले में बारात के दौरान हर्ष फायरिंग की घटना थमने का नाम नहीं ले रहा है। बारात के दौरान हर्ष फायरिंग में चली गोली के कारण बारात में शामिल एक युवक की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। गोली से युवक की मौत होते हैं बरात स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया वही सभी लोग इधर-उधर भागने लगे। ताजा मामला उजियारपुर थाना क्षेत्र का है।

उजियारपुर प्रखंड के चैता उत्तरी के वार्ड एक के सुग्गा पाकर टोले में बारात में हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लगने से एक युवक की मौत हो गयी। यह घटना बुधवार की रात हुई। मृतक पूसा प्रखंड के बिशनपुर बथुआ गांव का निवासी रामदयाल राय का पुत्र अमन कुमार था। वह वर पक्ष की ओर से शादी में बारात में शामिल होने आया था।

घटना स्थल से मिली जानकारी के अनुसार चैता उत्तरी के वार्ड एक निवासी टुनटुन राय की बेटी की शादी के लिए कर्पूरी ग्राम थाना के डढ़िया बेलार गांव से बारात आयी थी। इस दौरान हर्ष फायरिंग भी की जाने लगी। कई लोगो ने इसका विरोध भी किया। लेकिन शादी के जश्न में इसको अनसुनी कर दी गयी।

शादी समारोह के दौरान की जा रही हर्ष फायरिंग के क्रम में गोली बारात में शामिल अमन कुमार को लगी। जिसके बाद शादी समारोह में अफरातफरी मच गयी। गोली लगते ही युवक की मौत घटना स्थल पर ही हो गयी। इसकी सूचना फैलते ही गंब में हड़कंप मच गया। वही बारात व सराती के लोग भी निकल गए।


घटना की सूचना पर गुरुवार की सुबह पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेजा। पोस्टमार्टम के बाद युवक के शव को परिजनों को सौंप दिया गया। हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोली किसने चलायी। पुलिस इसकी जांच में जुटी हुई है।






