यहां क्लीक कर दूरबीन व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े
समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले में अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए नयी रणनीति बनायी गयी है। इसके तहत समस्तीपुर एसपी विनय तिवारी ने अपराध मुक्त समस्तीपुर बनाने को लेकर जिले को तीन भाग में बांट कर क्राइम कंट्रोल जोन बनाया है। इन क्राइम कंट्रोल जोन में नाकेबंदी को लेकर स्थानों को चिंहित करते हुए वहां पुलिस अधिकारियों एवं बलों के साथ बैरकेटिंग की व्यवस्था की गयी है।

एसपी विनय तिवारी ने शनिवार को प्रेसवार्ता करते हुए कहा कि क्राइम कंट्रोल जोन वन में समस्तीपुर नगर, मुफस्सिल एवं मथुरापुर ओपी के क्षेत्रों एवं बार्डर इलाकों को शामिल किया गया है। इस क्षेत्र में 27 स्थानों को चिंहित करते हुए वहां पुलिस बलों एवं अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है।

इसके अलावे क्राइम कंट्रोल जोन टू में जिले का मध्य भाग एवं जोन थ्री में जिले का बार्डर इलाका को शामिल किया गया है। एसपी ने बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य अपराधियों की पहचान एवं उसकी गिरफ्तारी करना है। एक आदेश पर जिले को सिल किया जा सकता है। ताकि किसी भी घटना के बाद अपराधी जिले से फरार नहीं हो सके।

एसपी ने बताया कि क्राइम कंट्रोल जोन वन में हेड क्वार्टर डीएसपी एवं सदर डीएसपी के नेतृत्व में कार्य किया जा रहा है। इसको लेकर जोन वन में डिस्ट्रीक्ट सिक्युरिटी प्लान लांच किया गया है। इसके मॉक ड्रिल में पुलिस के ही एक व्यक्ति को डम्मी क्रिमनल बनाकर छोड़ा गया है। ताकि इसे शहर के किसी भी क्षेत्र में जाने के दौरान वाहन जांच कर इसे पकड़ा जा सके।

एसपी ने बताया कि जोन वन में प्रत्येक दिन दो बार वाहन जांच के लिए इस टीम को अलर्ट किया जाएगा। यह टीम मात्र दस मिनट में ही अपने बल के साथ निर्धारित स्थानों पर पहुंच कर वाहनों की जांच करेगी। इस दौरान यह खास निर्देश दिया गया है कि इसमें आम जनों को कोई परेशानी नहीं हो सके।








