यहां क्लीक कर व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े
समस्तीपुर। समस्तीपुर में लड़की की शादी के बाद ससुराल में चौठारी की रस्म में शामिल होकर मुजफ्फरपुर लौट रहे दो लोगों की मौत हो गयी। दोनों मृतक मुजफ्फरपुर के रहने वाले थे। मृतक की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के बंदरा थाना क्षेत्र के बंदरा गांव निवासी अनूप महतो के 42 वर्षीय पुत्र परीक्षण महतो और सोनेलाल महतो के 58 वर्षीय पुत्र चंद्रिका महतो के रूप में की गयी है।

उक्त घटना कल्याणपुर प्रखंड के जितवरिया पंचायत के लक्षरामपुर मलंग स्थान के समीप गुरुवार अहले सुबह हुई। डायवर्सन पर संतुलन खोने से गिर जाने के करण दो बाइक पर सवार दो लोगों की मौत हो गयी। दोनों जितवरिया से अपने घर मुजफ्फरपुर जिले के बंदरा गांव लौट रहे थे।

एक व्यक्ति की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी, जबकि दूसरे की मौत मुजफ्फरपुर अस्पताल ले जाने के क्रम में हो गयी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से परीक्षण महतो के शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटनास्थल पर ही दोनों मृतक की बाइक भी पड़ी थी, जिसे कल्याणपुर पुलिस थाना ले गयी।

इस संबंध में परिजनों ने बताया कि 24 अप्रैल को जितवरिया गांव के लालू महतो के पुत्र रोहित कुमार की मुजफ्फरपुर जिले के बंदरा गांव के उमेश महतो की पुत्री के साथ हुई शादी हुई थी। शादी के 4 दिन के बाद होनेवाले चौठारी में शामिल होने के लिए दोनों बाइक से जितवरिया आये थे।

कार्यक्रम की समाप्ति के बाद दोनों गुरुवार की अहले सुबह दो बजे बाइक से बंदरा जाने के लिए निकले। उसी दौरान लक्षरामपुर मलंग स्थान के समीप टूटी पुलिया के डायवर्सन के गड्ढे में गिर कर दुर्घटना के शिकार हो गए।

परीक्षण महतो की घटनास्थल पर और चंद्रिका महतो की अस्पताल ले जाते समय मौत हुई। मौत के बाद चंद्रिका का शव लेकर परिजन बंदरा चले गए।

इस संबंध में कल्याणपुर थाना के प्रभारी थाना अध्यक्ष राजकिशोर राम ने बताया कि घटनास्थल से एक व्यक्ति का शव और दो बाइक मिली है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेजा गया। दुर्घटना मामले में यूडी केस दर्ज किया गया है।






