अमित हत्याकांड: अवैध संबंध का विरोध करने पर दोस्तों ने साजिश रच कर दी थी हत्या, मुंबई से गिरफ्तार

यहां क्लीक कर हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े
समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले के शाहपुर पटोरी के मोहनपुर ओपी क्षेत्र में चर्चित अमित हत्याकांड का खुलासा कर दिया गया है। एसपी विनय तिवारी ने समस्तीपुर में प्रेस वार्ता करते हुए कहा कि 14 मार्च को मोहनपुर ओपी के ग्राम बालूपर दशहरा निवासी अमित कुमार की हत्या कर दी गयी थी। इस मामले का खुलासा करने के लिए पुलिस टीम गठित की गयी। जिसके बाद टीम ने साक्ष्य संग्रह कर आरोपी मुरारी कुमार उर्फ मुरारी दास को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी मोहनपुर ओपी के डी दशहरा बालूपर टोला का निवासी है। वहीं अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी करने में जुटी है।


एसपी ने बताया कि मृतक के एक महिला रिश्तेदार के साथ आरोपी विमल कुमार का अवैध संबंध था। जिसकी जानकारी मृतक अमित कुमार को मिली। इसके बाद अमित कुमार ने विमल कुमार को जान मारने की धमकी दी। जिसके बाद विमल कुमार धमकी से डर गया। फिर उसने अपने दोस्त मुरारी कुमार उर्फ मुरारी दास को सारी बात बतायी।


एसपी ने बताया कि इसके बाद विमल कुमार एवं मुरारी दास के द्वारा अन्य दो दोस्तों के साथ मिकलर अमित की हत्या करने की योजना तैयार की गयी। जिसके बाद मुरारी दास 14 मार्च की शाम अमित के घर जाकर किसी बहाने से उसे बुलाकर गांव से दूर खेत की ओर ले गया। जहां विमल सहित अन्य दो दोस्त पहले से मौजूद था।


अमित के पहुंचने पर सभी ने मिलकर फाईटर एवं चाकू से हमलाकर अमित कुमार की हत्या कर दी। फिर किसी को शक ना हो इसको लेकर अमित कुमार के शव को लाकर ग्राम डी दशहरा बालू टोल के एक गेहूं के खेत में फेंक दिया गया था। एसपी ने बताया कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *