समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले में चोरो का आतंक फिर बढ़ गया है। चोरो के द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार घटना को अंजाम दिया जा रहा है। इस कड़ी में समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में चोरों ने अलग अलग जगह धावा बोल चोरी की घटना को अंजाम दिया। मिली जानकारी के अनुसार, चोरों ने गोपालपुर मोड़ के समीप सड़क निर्माण से जुड़े एक संवेदक के प्लांट के मुख्य गेट का ताला तोड़ नगदी सहित हजारों रुपए का सामान चुरा लिया। इस संबंध में झहूरी गांव निवासी संवेदक रविरंजन कुमार ने थाना में आवेदन दिया है। इसमें कहा कि चोरों ने मुख्य गेट एवं अंदर के गेट का ताला तोड़कर 50 हजार रुपये मूल्य की रोलर एवं ट्रैक्टर की बैटरी व गोदरेज तोड़कर नगदी 25 हजार रुपए चोरी की। घटना की जानकारी मिलते ही एएसआई बांके बिहारी राय दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन में जुट गए। वही कल्याणपुर हाई स्कूल के समीप स्थित मोबाइल शोरूम के मुख्य गेट का ताला काट चोरी की घटना को चोरों ने अंजाम दिया। शोरूम के प्रोपराइटर सुरेंद्र कुमार उर्फ पप्पू साह ने बताया कि शोरूम से आठ मोबाइल के साथ एक लैपटॉप चोर ले गये। इससे उन्हें करीब 3 लाख रुपए की चपत लगी है। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व 2019 व 2022 में मोबाइल के शोरूम में चोरों ने मुख्य गेट का ताला चोरी की घटना को अंजाम दिया था। प्रोपराइटर सुरेंद्र कुमार उर्फ पप्पू साहनी ने चोरी मामले में थाना में आवेदन दिया है। थाना अध्यक्ष गौतम कुमार ने बताया कि चोरी मामले की जांच हो रही है।

बंगरा थाना क्षेत्र के मानपुरा पंचायत के गद्दोपुर गांव में मंगलवार रात चोरों ने गांव निवासी शिक्षक देवेंद्र कुमार महतो की बोलेरो चुरा ली। इस मामले में शिक्षक ने थाना में आवेदन दिया है। इसमें कहा है कि वे अपने दिवंगत चाचा के श्राद्ध भोज में व्यस्त थे। उसी बीच चोरों ने बगल में ही ईदगाह में खड़ी बोलेरो चुरा ली। काफी खोजबीन के बाद भी कोई अता पता नहीं चल सका है। बंगरा थानाध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। इधर, दलसिंहसराय के जायजपट्टी में एक बंद घर का ताला तोड़ चोरों ने चोरी की बड़ी घटना को अंजाम दिया। बुधवार शाम वापस लौटने पर गृहस्वामी पवन कुमार झा एवं उनके परिवार के सदस्यों को घर मे चोरी की जानकारी मिली। सूचना पर पुलिस पहुंची और मुआयना किया। पुलिस को पीड़ित ने मोटी रकम के साथ ही सोना-चांदी के कीमती जेवरों की चोरी होने की जानकारी दी है। हालांकि अभी आवेदन नहीं दिया है। गृहस्वामी ने बताया कि 13 मार्च को घर के सभी लोग ताला लगा एक रिश्तेदार के यहां गये थे।

इस बाबत थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने कहा कि बंद घर मे चोरी की सूचना पर जांच के लिये एसआई राजन कुमार को भेजा गया था। उन्होंने कहा कि अभी आवेदन नहीं मिला है। आवेदन मिलने पर कांड दर्ज कर मामले की गहन छानबीन की जायेगी। मालूम हो कि इसी माह शहर के गर्ल्स स्कूल के पास कातिब गंगा राय के बंद घर का ताला तोड़ चोरों ने नकदी समेत 3-4 लाख रुपये के जेवर चुरा लिये थे। लेकिन चोरों को गिरफ्तार करने या सामान बरामद करने में पुलिस को सफलता नहीं मिल सकी है।





