समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले के सरायरंजन थाना क्षेत्र के अहमदपुर खजूरी फोरलेन के पास सोमवार को हुई सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गयी, जबकि दूसरा गंभीर रूप से जख्मी हो गया। मृतक की पहचान बेगूसराय जिले के बछवारा थाना क्षेत्र के सुरो गांव के विनोद कुमार चौधरी के 25 वर्षीय पुत्र विशाल कुमार चौधरी रूप में की गई है। जबकि जख्मी उसके मित्र की पहचान इसी गांव के मनोज साह का पुत्र संतोष साह बताया गया है। संतोष का उपचार सदर अस्पताल में चल रहा है। जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। घटना की सूचना पर पुलिस ने शव को जब्त कर पोस्टमार्टम की तैयारी शुरू कर दी है। घटना के संबंध में बताया गया है कि विशाल के बहन का बर्थडे रविवार की रात था। जिस कारण वह अपने मित्र संतोष के साथ बहन की ससुराल चकलाल शाही धरमपुर गया हुआ था। रात में बर्थडे पार्टी मनाने के बाद सोमवार सुबह विशाल अपने मित्र संतोष के साथ बाइक से वापस बेगूसराय लौट रहा था। इसी दौरान सरायरंजन अहमदपुर खजूरी गांव के पास फोरलेन पर उसकी बाइक को पीछे से आ रही ट्रक ने ठोकर मार दी। इस घटना में विशाल और संतोष गंभीर रूप से जख्मी हो गए। दोनों को स्थानीय लोगों के सहयोग से सरायरंजन पीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से विशाल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे सदर अस्पताल भेजा गया। लेकिन रास्ते में ही विशाल की मौत हो गई। उधर संतोष की भी स्थिति गंभीर बनी हुई है।सरायरंजन थाना अध्यक्ष रवि कांत कुमार ने बताया कि घटना को लेकर एक प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। घटना के बाद भाग रहे ट्रक को पकड़ लिया गया है।







