समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले के सरायरंजन प्रखंड के नौआचक पंचायत के वार्ड 4 स्थित नोनिया टोला में पिछले एक सप्ताह से चेचक का प्रकोप बढ़ता जा रहा है । इस बीमारी से आधा दर्जन लोग संक्रमित बताए जा रहे हैं । इस बीमारी की सूचना पर जिला स्वास्थ समिति के अधिकारियों ने संक्रमित क्षेत्र का जायजा लिया । इस संबंध में स्थानीय लोगों ने बताया कि गांव की कुछ महिलाओं एवं कुछ बच्चों के शरीर पर छोटे छोटे दाने निकल आए हैं । इनमें एक दर्जन लोगों में इलाज के बाद यह बीमारी स्वत: ठीक हो गई है । वहीं आधा दर्जन लोग अभी भी पीड़ित हैं । पर इस बीमारी की पुष्टि तो मेडिकल जांच के बाद ही हो पाएगी । वहीं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विजय कुमार का कहना है कि उक्त गांव के कुछ लोगों में इस तरह के लक्षण देखे गए हैं। इसकी जांच कराई जा रही है । जांच रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है । इधर, संक्रमित लोगों से पूछताछ एवं उनके शरीर पर निकले दाने को देखकर ऐसा लगता है कि यह खसरा रोग हो सकता है।







