समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के मधैपुर स्थित एक कोल्ड स्टोर पर शुक्रवार को कब्जा दिलाने के दौरान हिंसक झड़प हुई। मारपीट के दौरान एक दूसरे पर लाठी डंडे से प्रहार करने के अलावा फायरिंग भी की गयी। घटना में आधा दर्जन से अधिक सभी घायलों को दलसिंहसराय अनुमंडलीय अस्पताल, विद्यापतिनगर पीएचसी, सदर अस्पताल एवं निजी क्लीनिक में इलाज किया गया। घटना की सूचना पर दलसिंहसराय सहित अन्य थानों की पुलिस पहुंच कर बवाल शांत कराया। कोल्ड स्टोर के पुराने मालिक अजीत कुमार ने बताया कि घायलों में एक मधैपुर के राजू कुमार के हाथ मे गोली लगी है। उन्होंने कहा कि उनके ग्रामीण मधुकर प्रसाद यादव, निरंजन प्रसाद यादव, संतोष प्रसाद आदि भी जख्मी हुये हैं। दूसरे पक्ष के घायलों में गढ़सिसई के अभिषेक कुमार, केवटा के नवीन चौधरी एवं एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं।
मिली जानकारी के अनुसार कोल्ड स्टोरेज पर केनरा बैंक का बकाया था। जिसका भुगतान नहीं होने पर बैंक ने कोल्ड स्टोर को सील कर दिया था। फिर उसकी नीलामी कर दी गयी। शुक्रवार को केनरा बैंक के रीजनल हेड घनश्याम पंकज व रीजनल मैनेजर कृष्णा कुमार कोल्ड स्टोर के नये खरीदार को कोल्ड स्टोर की चाबी सौंपने एवं कब्जा दिलाने गये थे। कोर्ट में मामला लंबित रहने की बात कह पूर्व के मालिक ने बैंक की कार्रवाई को अवैध बता विरोध जताया। हालांकि दलसिंहसराय थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने कहा कि सूचना पर वे पहुंचे तो रोड़ेबाजी हो रही थी। कोई फायरिंग नहीं हुई है। रीजनल मैनेजर ने कहा कि पुलिस प्राथमिकी दर्ज नहीं कर रही है।








