नींद में सोए किसान को उठाकर किया गोलियों से छलनी, हुई मौत

बिहार ल भागलपुर जिला के बिहपुर में एक किसान को गोलियों से छलनी कर हत्या कर दी गयी। घटना बिहपुर थाना थानाक्षेत्र की है, जहां बथान पर सो रहे किसान की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना गुरुवार देर रात की बतायी जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार प्रखंड के लत्तीपुर उत्तर पंचायत के वार्ड नंबर 12 के 30 वर्षीय पशुपालक किसान सूरज यादव गुरुवार की रात गरैया कोसी दियारा स्थित बासा बथान पर तीन अन्य साथियों के साथ सोये हुए थे। देर रात करीब 10 की संख्या में आए बदमाशों ने पहले सूरज को उठाया, फिर उसे गोलियों से भून डाला। जिसके कारण घटनास्थल पर ही सूरज की मौत हो गयी। सूरज को करीब छह गोली लगी है। जानकारी के अनुसार किसान के कनपटी, पेट, छाती और कमर में गोली मारी गयी है। बदमाशों ने हत्या करने के बाद शव को करीब आधा किलोमीटर दूर ले जाकर फेंक दिया। घटना की सूचना पर शुक्रवार की सुबह बड़ा भाई राज कुमार यादव, पिता मटरू यादव सहित अन्य ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। परिजनों ने बताया कि सूरज यादव अन्य साथियों के साथ भैंस लेकर बथान (बासा) पर रहते थे। बासा लत्तीपुर गांव से करीब 20 किलो मीटर. दूर है। नदी थाना प्रभारी अशोक कुमार ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम में भेज दिया। नदी थाना प्रभारी ने बताया कि बासा पर सो रहे अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है। बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *