समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले में हत्याओं का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। विभूतिपुर थाना क्षेत्र में इन दिनों हत्याओं का दौर लगातार जारी है। एक बार फिर बेखौफ बदमाशों ने घर पर जाकर सोए हुए अवस्था में ऑटो चालक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना शनिवार देर रात दो बजे की बताई गई है। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।
मृतक ऑटो चालक दिव्यांग है। बाइक सवार बदमाशों ने द्वारा घटना को अंजाम दिया गया। मृतक ऑटो चालक युवक की पहचान विभूतिपुर थाना के पटपारा उत्तर वार्ड तीन निवासी रामाकांत शर्मा का 25 वर्षीय पुत्र मनीष कुमार शर्मा के रूप में की गई है। परिजनों के अनुसार मनीष ऑटो चला कर जीवन यापन करता था। उधर घटना की सूचना मिलते ही विभूतिपुर पुलिस ने शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेजा है। विभूतिपुर थाना अध्यक्ष संदीप पाल ने बताया कि घटना की जानकारी के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजनों का बयान लिया जा रहा है। परिजनों ने शराब को लेकर मुखबिरी करने के कारण हत्या की बात बताई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इधर परिजनों के अनुसार मनीष ऑटो पर ही सोया करता था। रात करीब दो बजे एक बाइक सवार बदमाश पहुंचा और आटो में सो रहे मनीष के सिर में नजदीक से एक गोली मार दी। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। गोली की आवाज पर जब परिजन घर के बाहर निकले तब तक बदमाश बाइक से फरार हो गए। कहा जाता है कि कुछ दिन पूर्व गांव के एक युवक को खगड़िया पुलिस ने शराब के साथ गिरफ्तार किया था। शायद मनीष पुलिस के लिए मुखबिरी का काम करता था।







