व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk : मशरूम उत्पादन के क्षेत्र में ऐतिहासिक छलांग लगाते हुए बिहार देश का पहला राज्य बन गया है। वर्ष 2025-26 में राज्य का कुल मशरूम उत्पादन बढ़कर 55,000 मीट्रिक टन तक पहुँच गया है। अब डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय (आरपीसीएयू), पूसा ने बिहार को उच्च मूल्य वाले औषधीय मशरूम उत्पादन में भी देश का अग्रणी राज्य बनाने का लक्ष्य रखा है।
आगामी किसान मेले से पूर्व मीडिया को संबोधित करते हुए आरपीसीएयू के कुलपति डॉ. पुण्यव्रत सुविमलेंदु पांडेय (डॉ. पी. एस. पांडेय) ने कहा कि बिहार की जलवायु मशरूम की सभी प्रजातियों के लिए सर्वाधिक अनुकूल है। कुलपति ने अपने संबोधन में कहा, “बिहार की बदलती खाद्य संस्कृति का प्रमाण यह है कि राज्य में प्रति व्यक्ति प्रति वर्ष मशरूम की खपत बढ़कर 4 से 5 किलो हो गई है, जबकि राष्ट्रीय औसत मात्र 300-400 ग्राम है।

शहरी क्षेत्रों के लिए कीड़ा जड़ी (कॉर्डिसेप्स) मशरूम सबसे बड़ा अवसर है। मात्र 10×15 फीट के एक कमरे से एक करोड़ रुपये सालाना तक की आमदनी संभव है। इसके लिए न खेत चाहिए, न अधिक पूंजी और न ही अधिक मजदूर—केवल नियंत्रित वातावरण और वैज्ञानिक विधि की आवश्यकता है। विश्वविद्यालय तकनीक और प्रशिक्षण से लेकर बाजार से जोड़ने तक किसानों व उद्यमियों के साथ खड़ा रहेगा।”
वर्तमान में राज्य में ऑयस्टर, बटन (श्वेत व ब्राउन), पैडी स्ट्रॉ और श्वेत दूधिया मशरूम की व्यावसायिक खेती सफलतापूर्वक हो रही है। इसके आगे बढ़ते हुए विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों ने पिछले तीन साल में गैनोडर्मा (रिशी), किंग ऑयस्टर, इनोकी, सीजोफाइलम और कॉर्डिसेप्स (कीड़ा जड़ी) जैसे औषधीय मशरूम की उन्नत तकनीक विकसित की है। उल्लेखनीय है कि क्षेत्र के कुछ प्रगतिशील किसानों ने गैनोडर्मा और किंग ऑयस्टर का उत्पादन शुरू भी कर दिया है, जिससे आगामी दो से तीन वर्षों में पूरे बिहार में सभी औषधीय मशरूम की व्यावसायिक खेती का मार्ग प्रशस्त हो गया है।


डॉ. पांडेय ने बताया कि मशरूम की खेती मुख्यतः महिलाओं और कम शिक्षित लोगों तक सीमित थी, लेकिन आज शिक्षित बेरोजगार युवा और टेक्नोक्रेट इसे एक आधुनिक वैज्ञानिक उद्यम के रूप में अपना रहे हैं। किसानों की आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है, जो वर्ष 2014-15 के 4,000–6,000 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़कर 2025-26 में 7,000–10,000 रुपये प्रति क्विंटल हो गई है। न्यूट्रास्युटिकल श्रेणी में शामिल यह फसल कुपोषण दूर करने के साथ-साथ स्वरोजगार का सशक्त माध्यम बन रही है।

*पूसा में 3 दिसंबर से तीन दिवसीय आत्मनिर्भर किसान मेला; एआई, ड्रोन और एग्री-टूरिज्म पर रहेगा जोर – Doorbeen News*
पूसा में 3 दिसंबर से तीन दिवसीय आत्मनिर्भर किसान मेला; एआई, ड्रोन और एग्री-टूरिज्म पर रहेगा जोर







