शादी से पहले बुझ गया घर का इकलौता चिराग, ट्रेन हादसे में राकेश की मौत से परिवार में मचा कोहराम

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत डुमरा मोहन पंचायत के शिवरामा गांव वार्ड तीन में शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब परिवार के इकलौते पुत्र राकेश कुमार (28-30 वर्ष) की ट्रेन हादसे में मौत की खबर पहुंची। आगामी चार दिसंबर को राकेश की शादी प्रखंड के दहियार गांव में तय थी। शादी को लेकर तिलक की रस्म भी पूरी हो चुकी थी और घर में विवाह की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं। परिवार के लोग बेटे की शादी को लेकर बेहद उत्साहित थे। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि शादी की शहनाई बजने से पहले ही घर का इकलौता चिराग हमेशा के लिए बुझ जाएगा।

मंगलवार को कर्पूरीग्राम स्टेशन के समीप हुए ट्रेन हादसे में राकेश की मौत हो गई। बुधवार को बरियाही घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर है। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार की सुबह करीब 10 बजे राकेश घर में खाना खाने के बाद बाहर निकले थे। इस दौरान वह अपना मोबाइल फोन भी घर पर ही छोड़ गए थे। देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटे तो परिजनों की चिंता बढ़ने लगी। परिवार के लोगों ने आसपास के गांवों और परिचितों के यहां उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कहीं कोई जानकारी नहीं मिली। रात बीत जाने के बाद भी राकेश का कोई सुराग नहीं मिलने से परिजन अनहोनी की आशंका को लेकर परेशान रहे। परिवार के लोग लगातार उनकी खोजबीन में जुटे थे।

इसी बीच मंगलवार को समस्तीपुर रेलवे स्टेशन पर राकेश की मुलाकात गांव के आसपास की रहने वाली मधु कुमारी और उनके भाई दीपक कुमार से हुई। दोनों पटना से परीक्षा देकर घर लौट रहे थे। स्टेशन पर राकेश को देखकर उन्होंने उनसे कहा कि आप बिना किसी को बताए घर से चले आए हैं, जिससे परिवार के लोग काफी परेशान हैं। सभी आपकी तलाश कर रहे हैं, इसलिए घर चलिए। इसके बाद मधु कुमारी और दीपक कुमार के मोबाइल फोन से राकेश की उनके परिजनों से बातचीत भी कराई गई। बताया जाता है कि बातचीत के दौरान राकेश ने शौचालय जाने की बात कही और इसी बीच दोनों को चकमा देकर स्टेशन से आगे निकल गए। इसके बाद उनका कोई पता नहीं चल सका।

इधर मंगलवार को करीब 11 से 12 बजे के बीच एक अनजान नंबर से परिजनों के मोबाइल पर फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति की पहचान नहीं हो सकी। उसकी बातचीत गांव के ही ज्ञान कुमार से हुई थी। उसने बताया कि कर्पूरीग्राम स्टेशन के समीप एक युवक का शव मिला है। शव के पास मिले मोबाइल नंबर के आधार पर परिजनों से संपर्क करने की कोशिश की गई है। कुछ ही देर बाद कर्पूरीग्राम थाना पुलिस ने भी परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी और शव की तस्वीर भेजी। तस्वीर देखते ही परिवार के लोगों के पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने शव की पहचान राकेश कुमार के रूप में की। इसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।

जिस बेटे की तलाश में परिजन दर-दर भटक रहे थे, उसकी मौत की खबर ने सभी को तोड़कर रख दिया। कर्पूरीग्राम थाना पुलिस के अनुसार, शव को कब्जे में लेकर समस्तीपुर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार राकेश की मौत ट्रेन हादसे में हुई थी। बुधवार को गांव में शव पहुंचने के बाद अंतिम संस्कार के लिए बरियाही घाट ले जाया गया, जहां गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया। बताया जाता है कि राकेश अपने परिवार के इकलौते पुत्र थे। उनके पिता रमेश मंडल दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं, जबकि माता कुमयर देवी गृहिणी हैं। परिवार में राकेश के अलावा तीन बहनें हैं।

इनमें दो बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि छोटी बहन गीतांजलि कुमारी अविवाहित है। राकेश ही परिवार का एकमात्र बेटा और घर का सहारा थे। उनके कंधों पर परिवार की कई जिम्मेदारियां थीं। चार दिसंबर को दहियार गांव में उनकी शादी होनी थी। तिलक की रस्म पूरी होने के बाद घर में विवाह से जुड़ी तैयारियां चल रही थीं। रिश्तेदारों और शुभचिंतकों का आना-जाना भी शुरू होने वाला था। परिवार के लोगों ने बेटे की शादी को लेकर कई सपने संजोए थे। लेकिन एक दर्दनाक हादसे ने परिवार के सारे सपनों को पलभर में बिखेर दिया। जिस घर में कुछ दिनों बाद मंगलगीत और शहनाई की गूंज सुनाई देने वाली थी, वहां अब अपनों की चीख-पुकार और सिसकियां सुनाई दे रही हैं। बेटे की मौत से मां कुमयर देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।

वहीं, बहनों की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। पिता के दिल्ली में मजदूरी करने और परिवार के इकलौते बेटे के असमय चले जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। राकेश की मौत की खबर सुनकर गांव के लोग भी स्तब्ध हैं। हर कोई इस हृदयविदारक घटना से मर्माहत है। शादी से महज कुछ दिन पहले हुई इस अनहोनी ने न सिर्फ एक परिवार की खुशियां छीन लीं, बल्कि पूरे गांव को गमगीन कर दिया है। जिस आंगन में बेटे की बारात निकलने की तैयारियां हो रही थीं, उसी आंगन से बुधवार को उसकी अर्थी उठी।

*समस्तीपुर में अवैध हथियार और दो जिंदा कारतूस के साथ एक अपराधी गिरफ्तार, बंगरा पुलिस की कार्रवाई – Doorbeen News*

समस्तीपुर में अवैध हथियार और दो जिंदा कारतूस के साथ एक अपराधी गिरफ्तार, बंगरा पुलिस की कार्रवाई

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *