व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk : समस्तीपुर जिले ठंड आते ही चोरी की घटना बढ़ गयी है। चोरों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आ रहे हैं। ताजा मामला मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जितवारपुर चौथ स्थित जगदंबा पेट्रोल पंप के बगल का है, जहां लक्ष्मी कॉफी शॉप को चोरों ने अपना निशाना बनाते हुए भीषण चोरी की घटना को अंजाम दिया है। वही पुलिस गश्त लगाती रह गयी।
घटना के संबंध में दुकानदार मनोहर कुमार ने बताया कि बीती रात वह सामा-चकेवा पर्व को लेकर अपनी बहन के घर फरहा बढ़वाने गए थे। रात में वह दुकान पर नहीं लौटे। मंगलवार की सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो देखा कि दुकान के पिछले दरवाजे का शटर कटा हुआ है। शक होने पर जब उन्होंने दुकान का अगला दरवाजा खोला तो अंदर का पूरा सामान बिखरा पड़ा था और गल्ला गायब था।

इसके बाद आसपास के लोगों की मदद से खोजबीन शुरू की गई तो दुकान के सामने झाड़ी में टूटा हुआ गल्ला और कुछ सामान फेंका हुआ मिला।
दुकानदार के अनुसार, दुकान में दो दिनों की बिक्री के करीब एक से डेढ़ लाख रुपये नकद रखे हुए थे। इसके अलावा रजनीगंधा, गोल्ड फ्लेक समेत महंगे सामान की कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई जा रही है। वहीं मिट्टी की गुल्लक में जमा करीब 25 से 30 हजार रुपये भी चोर अपने साथ ले गए।
घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। पुलिस ने दुकानदार को मुफस्सिल थाने में आवेदन देने की सलाह दी।

दुकानदार मनोहर कुमार का कहना है कि उन्होंने करीब तीन लाख रुपये का लोन लेकर यह दुकान शुरू की थी। घटना के वक्त वह मौके पर मौजूद नहीं थे और अज्ञात चोरों ने दुकान को निशाना बनाया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर चोरों की पहचान करने और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।
फिलहाल इस चोरी की घटना के बाद इलाके के दुकानदारों में दहशत का माहौल है।

*नीतीश संवाद में कांटी विधायक ने बड़ा उद्योग लगाकर युवाओं को रोजगार देने की केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के समक्ष उठाई मांग – Doorbeen News*







