विद्यापति स्मृति पर्व दिवस पर विश्वविद्यालय मैथिली विभाग एवं विद्यापति पीठ के द्वारा राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा के विश्वविद्यालय मैथिली विभाग एवं विद्यापति पीठ के संयुक्त तत्त्वावधान में सोमवार को विद्यापति स्मृति पर्व दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय के वाणिज्य एवं व्यावसायिक प्रबंधन विभाग के सभागार में ‘भारतीय ज्ञान परंपरा और विद्यापति साहित्य’ विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी की अध्यक्षता एवं उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर संजय कुमार चौधरी ने किया। इस अवसर पर विद्यापति पीठ के संरक्षक प्रो भीमनाथ झा मुख्य अतिथि तथा प्रख्यात साहित्यकार डॉ तारानंद वियोगी मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित थे।

कार्यक्रम का प्रारंभ महाकवि विद्यापति रचित प्रसिद्ध गोसाउनिक गीत ‘जय जय भैरवि…’ के गायन से हुआ। इसके पश्चात अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर संगोष्ठी का विधिवत उद्घाटन किया गया।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कुलपति प्रोफेसर संजय कुमार चौधरी ने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा का प्रारंभ गुरुकुल परंपरा से माना जा सकता है। भारतीय ऋषि-मुनियों ने शिक्षा, चिकित्सा, विज्ञान एवं जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में ज्ञान की समृद्ध परंपरा विकसित की है। वेद और उपनिषद् आदि इस ज्ञान परंपरा के महत्त्वपूर्ण स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि विद्यापति साहित्य में भी भारतीय ज्ञान परंपरा के विविध स्वरूप दिखाई देते हैं। उनका साहित्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को भी चिंतनशील बनाने तथा ज्ञान की परंपरा को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देता है।

मुख्य अतिथि विद्यापति पीठ के संरक्षक प्रो भीमनाथ झा ने कहा कि विद्यापति केवल मैथिली के ही नहीं, बल्कि विश्व के कवि हैं। उन्होंने सूर्य को प्रतीक बनाकर महाकवि विद्यापति पर अपनी स्वरचित कविता के माध्यम से काव्यात्मक श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि विद्यापति की साहित्यिक प्रतिभा और रचनात्मकता उन्हें वैश्विक साहित्यिक परंपरा में विशिष्ट स्थान प्रदान करती है।

मुख्य वक्ता डॉ तारानंद वियोगी ने विद्यापति के विविध साहित्यिक अवदानों की चर्चा करते हुए भारतीय ज्ञान परंपरा के व्यापक संदर्भ में व्याख्यायित किया। उन्होंने विद्यापति की प्रतिभा, दूरदृष्टि, आधुनिक चेतना एवं साहित्यिक प्रासंगिकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विद्यापति का साहित्य शास्त्रीय और लौकिक, दोनों परंपराओं का अद्भुत समन्वय प्रस्तुत करता है। उनकी रचनाओं में जीवन, समाज, राजनीति, धर्म, दर्शन और लोकपरंपरा से संबंधित अनेक महत्त्वपूर्ण संदर्भ मिलते हैं। उन्होंने विद्यापति रचित ‘पुरुष परीक्षा’ का उल्लेख करते हुए इसमें वर्णित ‘सुधी’ एवं ‘सविद्य’ की अवधारणाओं को रेखांकित किया।

उनके अनुसार विद्यापति ने इस ग्रंथ में आदर्श पुरुष के गुणों और उसकी पहचान के संबंध में गंभीर विचार प्रस्तुत किए हैं। उन्होंने ‘लिखनावली’ को कूटनीति एवं राजकीय पत्राचार की दृष्टि से महत्त्वपूर्ण ग्रंथ बताते हुए कहा कि इसमें एक राजा द्वारा दूसरे राजा को लिखे जाने वाले विभिन्न प्रकार के पत्रों का विवेचन मिलता है। इसी क्रम में उन्होंने ‘विभागसागर’ तथा ‘व्याड़ि भक्तितरंगिणी’ जैसी कृतियों का उल्लेख करते हुए सार्वजनिक संपत्ति के बंटवारे, धार्मिक अनुष्ठानों और लोकपरंपराओं के संबंध में विद्यापति के योगदान को रेखांकित किया।

डॉ वियोगी ने कहा कि विद्यापति सांप्रदायिक एकत्व के लिए सचेष्ट थे। उनके साहित्य में स्त्री पक्ष की सशक्त अभिव्यक्ति मिलती है। विद्यापति के साहित्य में आधुनिक आलोचनात्मक दृष्टि के अनेक सूत्र पहले से मौजूद हैं। वे आशावादी कवि थे और धैर्यपूर्वक कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने विद्यापति की साहित्यिक महत्ता को रेखांकित करते हुए ग्रियर्सन के उस कथन का उल्लेख किया, जिसमें मिथिला में विद्यापति के पदों को मिलने वाली श्रद्धा की तुलना इंग्लैंड में बाइबिल के प्रति श्रद्धा से की गई है। उन्होंने विद्यापति की रचनाओं के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्त्व पर भी प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में मानविकी संकायाध्यक्ष प्रो दमन कुमार झा ने स्वागत वक्तव्य प्रस्तुत करते हुए अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने विद्यापति स्मृति पर्व के अवसर पर आयोजित इस संगोष्ठी को भारतीय ज्ञान परंपरा और मैथिली साहित्य के अंतर्संबंधों को समझने की दृष्टि से महत्त्वपूर्ण बताया।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय मैथिली विभाग की सहायक प्राध्यापिका डॉ अभिलाषा कुमारी द्वारा रचित पुस्तक ‘अनुवाद पर संवाद’ का लोकार्पण भी किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित साहित्यकारों एवं शिक्षाविदों ने इसे अनुवाद के क्षेत्र में एक महत्त्वपूर्ण अकादमिक प्रयास बताया।

कार्यक्रम का संचालन विश्वविद्यालय मैथिली विभाग के वरीय सहायक प्राध्यापक डॉ सुरेश पासवान ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन विभागाध्यक्ष प्रो अशोक कुमार मेहता ने किया।

इस अवसर पर डॉ सुनीता कुमारी, प्रो नारायण झा, प्रो अरुण कुमार सिंह, प्रो सुरेन्द्र कुमार, डॉ आर एन चौरसिया, डॉ वीरेन्द्र कुमार झा, डॉ अमलेन्दु शेखर पाठक, रागिनी रंजन, डॉ सत्येन्द्र कुमार झा, डॉ कुमार मनीष, दीपा मिश्रा, महेन्द्र नारायण राम, विजय शंकर पंडित, चंद्रकांत मिश्रा, सुमंजन कुमार मिश्रा, मनोज कुमार कुमर, डॉ दिवाकर झा एवं डॉ.श आशीष झा सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।

संगोष्ठी में शोधार्थियों की भी उल्लेखनीय सहभागिता रही। इस अवसर पर राजनाथ पंडित, मनोज कश्यप, प्रवीण कुमार, प्रियंका कुमारी, नेहा कुमारी, पूजा कुमारी, पवन कुमार महतो, शिवम कुमार झा, राहुल राज गुप्ता, मनोज कुमार पंडित, राजू कुमार शर्मा, मिथिलेश कुमार सहनी, मिंटू कुमारी, कंचन कुमारी, अखिलेश कुमार यादव एवं अभिनव पासवान सहित अन्य शोधार्थी उपस्थित थे।

विश्वविद्यालय मैथिली विभाग के विद्यार्थियों ने भी बड़ी संख्या में संगोष्ठी में भाग लिया। इनमें जनार्दन मुखिया, आशीष कुमार झा, बैद्यनाथ मंडल, अर्जुन कुमार पासवान, भावेश कुमार, सुमित कुमार झा, अपर्णा मिश्रा, नीलू कुमारी, अवनीश कुमार, राकेश कुमार, विष्णु कुमार, आकृति झा, श्रेया कुमारी, उषा कुमारी, देवानंद यादव, राजू कुमार, अभिनव कुमार, चंद्रकांत मिश्रा, निक्कू कुमार एवं नरेश पंडित सहित अन्य विद्यार्थी शामिल थे। कार्यक्रम के माध्यम से महाकवि विद्यापति के साहित्यिक अवदान, भारतीय ज्ञान परंपरा में उनके योगदान तथा समकालीन संदर्भों में उनकी प्रासंगिकता पर गंभीर विमर्श हुआ। उपस्थित लोगों ने महाकवि विद्यापति को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके साहित्यिक एवं सांस्कृतिक अवदान का स्मरण किया।

*गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर समस्तीपुर में निकला भव्य नगर कीर्तन, फूलों की वर्षा से हुआ स्वागत – Doorbeen News*

गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर समस्तीपुर में निकला भव्य नगर कीर्तन, फूलों की वर्षा से हुआ स्वागत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *