व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लिक करें
Doorbeen News Desk: सरायरंजन प्रखंड के नरघोघी स्थित श्री राम जानकी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में रविवार को एमबीबीएस के प्रथम बैच की पढ़ाई शुरू होने के साथ ही समस्तीपुर जिले के चिकित्सा शिक्षा के इतिहास में नया अध्याय जुड़ गया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने मेडिकल कॉलेज की स्थापना से लेकर शैक्षणिक गतिविधियों की शुरुआत तक के सफर को क्षेत्र के विकास की बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज स्थापित कराने के लिए हमने बहुत कुछ किया है। उसी प्रयास का परिणाम है कि आज यहां पढ़ाई शुरू हो रही है। यह मेडिकल कॉलेज केवल सरायरंजन ही नहीं, बल्कि पूरे समस्तीपुर जिले की धरोहर है।
उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि श्री राम जानकी मेडिकल कॉलेज पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की देन है। अगर वे मुख्यमंत्री नहीं होते तो इस मेडिकल कॉलेज का निर्माण होना मुश्किल था। इसके लिए हम उनका तहेदिल से आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि कॉलेज का शिलान्यास नवंबर 2019 में हुआ था और 21 जनवरी 2024 को इसका उद्घाटन किया गया था। आज इस संस्थान में एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू होना हम सभी के लिए ऐतिहासिक पल है।


उन्होंने कहा कि आज स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के साथ विद्यार्थियों को सफेद कोट पहनाने का अवसर मिला। यह केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि चिकित्सा सेवा के प्रति जिम्मेदारी और समर्पण का प्रतीक है।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे पूरी लगन और मेहनत से पढ़ाई करें तथा अपने कॉलेज और जिले का नाम रोशन करें। यहां से शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थी भविष्य में बेहतर चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करेंगे। उपमुख्यमंत्री ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की बहाली की प्रक्रिया चल रही है। रिक्त पदों की सूची बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) को भेज दी गई है। जल्द ही इन पदों पर नियुक्ति कर रिक्तियां पूरी की जाएंगी, ताकि अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाया जा सके।
स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाना सरकार की प्राथमिकता
स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कहा कि आज का दिन बेहद ऐतिहासिक और शुभ है। श्री राम जानकी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस के पहले बैच की पढ़ाई शुरू होना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि सरकार सुशासन के संकल्प पर काम कर रही है और स्वास्थ्य विभाग को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। इस मेडिकल कॉलेज में नामांकित विद्यार्थियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। आज जो विद्यार्थी यहां शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं, वही आगे चलकर चिकित्सक बनेंगे और समाज के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएंगे।


उन्होंने कहा कि जब तक वे स्वास्थ्य मंत्री हैं, तब तक स्वास्थ्य के क्षेत्र में बेहतर काम करने का प्रयास जारी रखेंगे। सरकार का लक्ष्य बिहार के प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना करना है, ताकि लोगों को इलाज के लिए दूसरे जिलों या बड़े शहरों में भटकना नहीं पड़े। स्थानीय स्तर पर ही मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा और विशेषज्ञ चिकित्सकों का लाभ मिल सके।
तेजी से विकसित हो रहा मेडिकल कॉलेज
स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि ने कहा कि श्री राम जानकी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल तेजी से विकास कर रहा है। हालांकि यहां शैक्षणिक सत्र शुरू होने में विलंब हुआ, लेकिन अब व्यवस्थित रूप से पढ़ाई की शुरुआत हो चुकी है। इससे चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में समस्तीपुर की पहचान और मजबूत होगी।
अतिथियों का फूल-माला और पाग पहनाकर स्वागत
समारोह से पूर्व कार्यकर्ताओं ने अतिथियों का गेंदे के फूलों की माला, चादर और पाग पहनाकर भव्य स्वागत किया।
मौके पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर, विधायक मिर्नाल, विधायक वीरेंद्र कुमार, पूर्व विधायक रामबालक सिंह, जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा, पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।


*महाकवि विद्यापति की तपोभूमि पर गूंजा मैथिली संस्कृति का स्वर, डिप्टी सीएम ने किया राजकीय महोत्सव का उद्घाटन – Doorbeen News*






