महाकवि विद्यापति की तपोभूमि पर गूंजा मैथिली संस्कृति का स्वर, डिप्टी सीएम ने किया राजकीय महोत्सव का उद्घाटन

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: दलसिंहसराय अनुमंडल अंतर्गत विद्यापतिनगर महाकवि विद्यापति की यशोगाथा, मैथिली भाषा की मधुरिमा और मिथिला की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत को समर्पित 14वें विद्यापति राजकीय महोत्सव का रविवार को विद्यापतिधाम में विधिवत शुभारंभ हुआ। बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने महोत्सव का उद्घाटन किया। उद्घाटन के साथ ही महाकवि विद्यापति की तपोभूमि एक बार फिर साहित्य, संस्कृति और लोक परंपराओं के रंग में सराबोर हो उठी। समारोह में स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही।

जिला प्रशासन की ओर से अतिथियों का स्वागत मिथिला की समृद्ध परंपरा के अनुरूप पाग, चादर एवं पारंपरिक सम्मान के साथ किया गया। विद्यापति उच्च माध्यमिक विद्यालय एवं सरस्वती विद्या निकेतन की छात्राओं ने स्वागत गान प्रस्तुत कर समारोह को सांस्कृतिक गरिमा प्रदान की। कार्यक्रम का संचालन आनंद राय ने किया। उद्घाटन के पश्चात उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने मीडिया को संबोधित करते हुए महाकवि विद्यापति के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को स्मरण करते हुए कहा कि विद्यापति मिथिला की महान विभूति थे।

उन्होंने अपनी साहित्य साधना के माध्यम से मैथिली भाषा को व्यापक पहचान दिलाई। उनकी रचनाओं में मिथिला की संस्कृति, लोक जीवन, प्रेम, भक्ति और मानवीय संवेदनाओं का अद्भुत समन्वय देखने को मिलता है। उनकी साहित्यिक विरासत आज भी समाज को प्रेरणा देने का कार्य कर रही है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2013 से विद्यापतिधाम में विद्यापति राजकीय महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। पिछले वर्षों में यह आयोजन मिथिला की साहित्यिक चेतना, सांस्कृतिक पहचान और लोकपरंपराओं को मंच प्रदान करने वाला महत्वपूर्ण उत्सव बनकर उभरा है।

तीन दिवसीय महोत्सव के माध्यम से महाकवि विद्यापति की स्मृतियों को अक्षुण्ण रखने तथा उनकी साहित्यिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

मंच से संबोधन नहीं होने पर दिखी मायूसी
महोत्सव के उद्घाटन समारोह में एक बात स्थानीय लोगों को खली। मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी सहित मंचासीन अन्य अतिथियों की ओर से मंच से संबोधन नहीं किया गया। लोगों को उम्मीद थी कि इस महत्वपूर्ण अवसर पर अतिथियों के विचारों के माध्यम से विद्यापतिधाम की सांस्कृतिक पहचान, क्षेत्र के विकास की संभावनाओं और स्थानीय समस्याओं एवं अपेक्षाओं को भी प्रमुखता मिलेगी।

लेकिन संबोधन नहीं होने से लोगों में मायूसी देखी गई। वहीं, आयोजन की भव्यता और उत्सवी रंगत को लेकर भी कुछ लोगों ने इस बार अपेक्षाकृत फीका अनुभव व्यक्त किया। लोगों का मानना था कि महाकवि विद्यापति के नाम पर आयोजित राजकीय महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ क्षेत्र की अपेक्षाओं और विकास के मुद्दों को भी पर्याप्त स्थान मिलना चाहिए।

*मुख्य पुजारी अवध किशोर महतो के निधन से तीन प्रखंडों में शोक की लहर – Doorbeen News*

मुख्य पुजारी अवध किशोर महतो के निधन से तीन प्रखंडों में शोक की लहर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *