बिरौल पटनिया गांव में कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: दरभंगा के बिरौल प्रखंड अंतर्गत पटनिया पंचायत के पटनिया गांव वार्ड सात के मिश्र टोला में बुधवार को श्रद्धा, भक्ति और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। धार्मिक अनुष्ठान के पहले दिन आयोजित कलश यात्रा में 51 कुमारी कन्याओं एवं महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस दौरान पूरा गांव भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा। श्रद्धालुओं के जयकारों और गाजे-बाजे की धुन से वातावरण गुंजायमान होता रहा। कलश यात्रा का शुभारंभ यज्ञ स्थल से हुआ। पारंपरिक परिधान में सजी धजी 51 कुमारी कन्याओं एवं महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर नगर भ्रमण किया। यात्रा यज्ञ स्थल से निकलकर पटनिया चौक पहुंची।

इसके बाद तेलिया चौक होते हुए तेलिया चौक स्थित पोखर पर पहुंची। वहां पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत जल भरण की रस्म पूरी कराई गई। इसके बाद सभी श्रद्धालु गाजे-बाजे के साथ भजन-कीर्तन करते और भगवान के जयकारे लगाते हुए पुनः यज्ञ स्थल पहुंचे। यहां वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ कलशों को स्थापित किया गया। कलश स्थापना के साथ ही सात दिवसीय धार्मिक आयोजन का विधिवत आगाज हो गया।

इस श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के मुख्य यजमान मनोज मिश्रा एवं उनकी धर्मपत्नी इंजिला देवी हैं। यज्ञ का आयोजन पटनिया गांव के मिश्र टोला में किया जा रहा है। आयोजन समिति के अनुसार, 18 नवंबर से 24 नवंबर तक प्रतिदिन संध्या चार बजे से रात आठ बजे तक श्रीमद्भागवत कथा का प्रवचन होगा।

कथा वाचन के लिए अयोध्या धाम से पधारे चंदन जी महाराज उपस्थित श्रद्धालुओं को अपनी अमृतमयी वाणी से श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराएंगे। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, उनके जीवन प्रसंगों, धर्म, कर्म, भक्ति, ज्ञान और मानव जीवन में सदाचार के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला जाएगा।

आयोजकों का कहना है कि श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का मुख्य उद्देश्य लोगों में धार्मिक चेतना जागृत करना, आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक एकता को मजबूत करना तथा नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपराओं से जोड़ना है। कलश यात्रा में गांव के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। श्रद्धालुओं में धार्मिक आयोजन को लेकर विशेष उत्साह देखा गया।

आयोजन स्थल पर पूजा-पाठ एवं कथा श्रवण की समुचित व्यवस्था की गई है। आयोजकों ने आसपास के गांवों के धर्मप्रेमियों एवं श्रद्धालुओं से निर्धारित समय पर पहुंचकर कथा श्रवण करने और धार्मिक अनुष्ठान में सहभागी बनने की अपील की है।

इस अवसर पर रुपेश मिश्रा, विकेश मिश्रा, निक्की मिश्रा, राकेश मिश्रा, त्रिपुरारी मिश्रा, प्यारी, मीठी, भाग्य, रेणुका, राधा, रेखा, प्रीति सहित गांव के अनेक गणमान्य व्यक्ति, ग्रामीण एवं श्रद्धालु उपस्थित थे।

*विद्यालयों की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर एचएम को दिया गया प्रशिक्षण, ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर रिपोर्ट अपलोड करने का निर्देश – Doorbeen News*

विद्यालयों की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर एचएम को दिया गया प्रशिक्षण, ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर रिपोर्ट अपलोड करने का निर्देश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *