व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत करियन गांव निवासी सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने वाले वयोवृद्ध एवं उदयन संस्कृतोच्च विद्यालय के सेवानिवृत्त क्लर्क लक्ष्मीकांत चौधरी के आकस्मिक निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन की खबर मिलते ही गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल छा गया। अंतिम दर्शन के लिए उनके आवास पर ग्रामीणों, शुभचिंतकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गण्यमान लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। सभी ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके सामाजिक योगदान को याद किया।
मृतक के छोटे भाई सेवानिवृत्त प्राचार्य अशोक चौधरी ने बताया कि उनके बड़े भाई लक्ष्मीकांत चौधरी गांव स्थित उदयन संस्कृतोच्च विद्यालय में लिपिक के पद पर कार्यरत थे। 30 नवंबर 2012 को वे सेवानिवृत्त हुए थे। इसके बाद वे घर पर ही रहकर अपना समय व्यतीत कर रहे थे। उन्होंने बताया कि उनके भाई को 31 मार्च 1990 तक वेतनमान के रूप में कुछ राशि का भुगतान किया गया था, लेकिन एक अप्रैल 1990 से लेकर सेवानिवृत्ति तक उन्हें किसी प्रकार का वेतन नहीं मिल सका।


इस मामले को लेकर उन्होंने लंबे समय तक प्रयास किया था। बकाया वेतन भुगतान को लेकर पटना उच्च न्यायालय से भी आदेश प्राप्त हुआ था। इसके बावजूद सरकार की ओर से अब तक उनके लंबित वेतन का भुगतान नहीं किया जा सका था। बकाया राशि नहीं मिलने के कारण वे काफी चिंतित और मानसिक रूप से परेशान रहते थे।
परिजनों ने बताया कि लक्ष्मीकांत चौधरी पिछले कुछ महीनों से बीमार चल रहे थे। इसी बीच अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और हृदय गति रुकने की स्थिति उत्पन्न हो गई। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए ले जाया गया, जहां उपचार के क्रम में उनका निधन हो गया। उनके परिवार में एक पुत्र हैं, जो दिल्ली में रहकर अपने माता-पिता सहित पूरे परिवार की देखभाल करते हैं।
उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों ने बताया कि लक्ष्मीकांत चौधरी केवल विद्यालय के पूर्व कर्मचारी ही नहीं, बल्कि गांव के सामाजिक जीवन में भी महत्वपूर्ण स्थान रखते थे। सेवानिवृत्ति के बाद भी वे सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहते थे। गांव के विकास, सामाजिक सौहार्द और जनहित से जुड़े कार्यों में वे हमेशा बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी निभाते थे।


जरूरत पड़ने पर लोगों को सहयोग और मार्गदर्शन देने में भी आगे रहते थे। उनके सरल स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व और सामाजिक सरोकारों के प्रति समर्पण के कारण गांव एवं आसपास के क्षेत्रों में उनकी अलग पहचान थी। उनके निधन को ग्रामीणों ने सामाजिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
उनके निधन की सूचना पर सेवानिवृत्त आइजी जितेंद्र मिश्रा, पंचायत के मुखिया संजीव पासवान, श्रीनाथ ठाकुर, उमानाथ ठाकुर, प्रदीप पासवान, गंगेश पाठक, मिथिलेश झा, पप्पू पाठक, पवन कुमार झा, विपिन कुमार झा, डॉ. संजय चौधरी, बुधन पासवान, सुधीर कमती, लालन झा, रामकुमार चौधरी, पप्पू यादव, घूरन यादव, अमित मिश्रा, शिवकुमार झा टिल्लू, शंभू झा, अजीत झा एवं डॉ. वीरेंद्र मिश्रा सहित क्षेत्र के बड़ी संख्या में गण्यमान लोगों ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों को ढांढ़स बंधाया और इस दुख की घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।



*गैस सिलेंडर फटने से चार घर जलकर राख, लाखों की संपत्ति का नुकसान – Doorbeen News*
गैस सिलेंडर फटने से चार घर जलकर राख, लाखों की संपत्ति का नुकसान





