व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर शिवाजीनगर प्रखंड प्रशासन ने घाटों पर तैयारियों का जायजा लेना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में मंगलवार को बीडीओ वीरेंद्र कुमार सिंह, सीओ अम्बपाली यादव एवं रोसड़ा सब इलेक्शन ऑफिसर सह नोडल पदाधिकारी राजेश कुमार ने प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने करेह नदी के बरियाही घाट, गनौली घाट, परवाना, छतौनी एवं रन्ना घाट सहित विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचकर वहां की स्थिति का जायजा लिया तथा संबंधित लोगों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों, साफ-सफाई, उपलब्ध सुविधाओं एवं श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने छठ पूजा के दौरान घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए समय रहते सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने पर जोर दिया।


उन्होंने घाटों पर स्वच्छता बनाए रखने, रास्तों को व्यवस्थित रखने तथा श्रद्धालुओं को अर्घ्य देने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। बीडीओ वीरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि छठ महापर्व क्षेत्र के लोगों की आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। ऐसे में घाटों पर पहुंचने वाले व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जानी चाहिए।
उन्होंने संबंधित कर्मियों एवं स्थानीय लोगों से आपसी समन्वय बनाकर घाटों की व्यवस्था बेहतर रखने की बात कही। वहीं सीओ अम्बपाली यादव ने घाटों का निरीक्षण करते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर जानकारी ली।

छठ पूजा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए पहले से तैयारी पूरी रखने पर बल दिया। अधिकारियों ने स्थानीय स्तर पर घाटों की स्थिति का आकलन कर आवश्यक सुधार करने के निर्देश भी दिए।
प्रशासनिक अधिकारियों के इस निरीक्षण से छठ पूजा की तैयारियों को लेकर संबंधित कर्मियों एवं स्थानीय लोगों में सक्रियता देखी गई। निरीक्षण के दौरान बीएओ सतीश कुमार, प्रखंड उद्यान पदाधिकारी सरोज पासवान, समाजसेवी संतोष कुमार सहित अन्य लोग मौजूद थे।



*सड़क हादसे में पूर्व नगर परिषद सभापति डॉ. तारकेश्वर नाथ गुप्ता की मौत, अज्ञात पिकअप ने बाइक में मारी टक्कर – Doorbeen News*





