व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: पटना/मुजफ्फरपुर। चक्रवाती तूफान के अवशेष के प्रभाव से उत्तर बिहार में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की आशंका है। मौसम केंद्र पटना ने 30 और 31 अक्टूबर के दौरान मधुबनी, दरभंगा और सुपौल में अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इन जिलों के लिए रेड अलर्ट बताया गया है। वहीं, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण और सीतामढ़ी में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, 29 से 31 अक्टूबर के बीच राज्य के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर मेघगर्जन, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवा चलने की भी संभावना है।


नम हवाओं से बढ़ेगी बारिश की गतिविधि : मौसम केंद्र के अनुसार, दक्षिण छत्तीसगढ़ और उससे सटे दक्षिण ओडिशा के ऊपर बना अवदाब उत्तर की ओर बढ़ रहा है। इसके कमजोर होकर निम्न दबाव क्षेत्र में बदलने की संभावना है। इसके प्रभाव और राज्य में नमयुक्त पूर्वी हवाओं के प्रवाह से बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। 29 और 30 अक्टूबर के दौरान कैमूर और रोहतास में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है, जबकि मध्य-पश्चिम बिहार के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। 30 और 31 अक्टूबर को उत्तर बिहार के तीन जिलों में रेड अलर्ट के साथ पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण और सीतामढ़ी में ऑरेंज अलर्ट रहेगा।


धान की फसल और कच्चे मकानों को नुकसान का खतरा : तेज हवा और भारी बारिश से खेतों में खड़ी धान की फसल गिरने, पेड़ों को नुकसान पहुंचने और कच्चे मकानों व टिन की छतों को क्षति होने की आशंका है। निचले इलाकों में जलजमाव, सड़कों पर पानी भरने और यातायात बाधित होने की स्थिति बन सकती है। नदियों के जलस्तर में अचानक वृद्धि का भी खतरा है। किसानों को कटी फसल और खुले में सुखाने के लिए रखे अनाज को तिरपाल से ढककर सुरक्षित रखने तथा आवश्यक नहीं होने पर कटाई स्थगित करने की सलाह दी गई है। सब्जियों में अनावश्यक सिंचाई रोकने और खेतों में जलनिकासी की व्यवस्था रखने को कहा गया है।


वज्रपात के दौरान खुले में नहीं निकलें : मौसम विभाग ने लोगों को भारी बारिश के दौरान जलजमाव वाले रास्तों और निचले इलाकों से गुजरने से बचने की सलाह दी है। बिजली चमकने पर खुले मैदान, खेत, ऊंचे पेड़, जलाशय और बिजली के खंभों के पास नहीं रुकने को कहा गया है। पेड़ों के नीचे शरण लेने और खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा करने से भी बचने की अपील की गई है। नदियों में परिवहन से परहेज करने तथा स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

*समस्तीपुर में भाजपा युवा मोर्चा का युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित, युवाओं की भूमिका पर हुई चर्चा – Doorbeen News*
समस्तीपुर में भाजपा युवा मोर्चा का युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित, युवाओं की भूमिका पर हुई चर्चा





