व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: दशहरा पर्व के अवसर पर जितवारपुर स्थित हाउसिंग बोर्ड के मैदान में आयोजित होने वाले रावण दहन कार्यक्रम के सफल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा एवं पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह द्वारा कार्यक्रम स्थल का संयुक्त भ्रमण एवं निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम स्थल पर की जा रही आवश्यक सुरक्षात्मक तैयारियों, विधि-व्यवस्था संधारण, भीड़ प्रबंधन तथा आयोजन से संबंधित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर उपस्थित पदाधिकारियों से तैयारियों की जानकारी प्राप्त की तथा कार्यक्रम में आने वाले आम नागरिकों की सुरक्षा, सुविधा एवं सुगम आवागमन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक तैयारियां ससमय पूर्ण करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी, समस्तीपुर सदर श्री राकेश कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री सतीश सुमन, समस्तीपुर सदर, नगर आयुक्त समस्तीपुर श्री गौतम कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।


निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि रावण दहन कार्यक्रम के दौरान संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा एवं भीड़ नियंत्रण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश एवं निकास के लिए आवश्यक प्रबंध किए जाएं, ताकि लोगों की आवाजाही सुचारु बनी रहे तथा किसी भी स्थिति में अनावश्यक भीड़ एवं अव्यवस्था उत्पन्न न हो। कार्यक्रम स्थल पर उपलब्ध स्थान एवं दर्शकों की संभावित संख्या के अनुरूप व्यवस्थाओं का आकलन करते हुए सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम स्थल एवं उसके आसपास साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग तथा आम नागरिकों की सुविधा से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखा जाए। आयोजन के दौरान आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए भी आवश्यक तैयारी रखी जाए, ताकि किसी भी अप्रत्याशित परिस्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
पुलिस अधीक्षक ने विधि-व्यवस्था संधारण के दृष्टिकोण से आवश्यक पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति, भीड़ पर सतत निगरानी, यातायात प्रबंधन तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सतत निगरानी सुनिश्चित करें।


उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, वाहनों के अनियंत्रित प्रवेश को रोकने तथा आम नागरिकों को आवागमन में अनावश्यक कठिनाई नहीं होने देने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित पदाधिकारियों एवं पुलिस बल को तत्पर रहने को कहा गया।
नगर आयुक्त समस्तीपुर को कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा नगर निकाय से संबंधित आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए सभी तैयारियों की नियमित समीक्षा करने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक कार्यों को पूरा करने को कहा गया।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करने तथा कार्यक्रम के दौरान पूरी सतर्कता बनाए रखने का निर्देश दिया गया।
जिला प्रशासन, समस्तीपुर द्वारा आम नागरिकों से अपील की जाती है कि वे पर्व के अवसर पर शांति, सौहार्द एवं आपसी भाईचारा बनाए रखें तथा प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करते हुए कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित बनाने में सहयोग करें।


*मंदिरों में उमड़ी महिलाओं की भीड़, पान-सुपारी और सिंदूर से भरी मां की खोइच्छा – Doorbeen News*
मंदिरों में उमड़ी महिलाओं की भीड़, पान-सुपारी और सिंदूर से भरी मां की खोइच्छा





