व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
समस्तीपुर। दुर्गा पूजा और दशहरा के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए समस्तीपुर जिला प्रशासन ने शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। जिला दंडाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के संयुक्त आदेश के तहत 16 से 22 अक्टूबर तक शहरी क्षेत्र में नो एंट्री और रूट डायवर्जन लागू रहेगा। इस दौरान भारी और मालवाहक वाहनों को केवल रात दो बजे से सुबह आठ बजे तक ही शहर में प्रवेश करने की अनुमति होगी।
प्रशासन ने दरभंगा, रोसड़ा, मुसरीघरारी सहित विभिन्न दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं। प्रमुख चौक-चौराहों पर बैरिकेडिंग की जाएगी। यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था के लिए दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति भी रहेगी।
इन रास्तों से होगा वाहनों का परिचालन
1. कल्याणपुर चौक: दरभंगा की ओर से पूसा, मुजफ्फरपुर और बेगूसराय जाने वाले वाहनों को ताजपुर के रास्ते भेजा जाएगा।
2. सिंघिया घाट और रोसड़ा: यहां से पटना, वैशाली और मुजफ्फरपुर जाने वाले वाहनों को दलसिंहसराय होकर जाना होगा।
3. मुसरीघरारी चौक: मुसरीघरारी की ओर से दरभंगा जाने वाले वाहनों को ताजपुर के रास्ते भेजा जाएगा।
4. सुभाष चौक, बाजितपुर, जेल चौक और गरुआरा चौक: इन मार्गों से समस्तीपुर आने वाले वाहनों के लिए ताजपुर होकर आवागमन की व्यवस्था निर्धारित की गई है।
रात 2 बजे से सुबह 8 बजे तक ही भारी वाहनों की एंट्री
प्रशासनिक आदेश के अनुसार, बड़े, भारी और मालवाहक वाहनों को रात दो बजे से सुबह आठ बजे तक ही शहरी क्षेत्र में प्रवेश करने की अनुमति मिलेगी। निर्धारित समय के अलावा व्यावसायिक वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध रहेगा।
दुर्गा पूजा पंडालों और प्रमुख बाजारों में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है, ताकि शहर की सड़कों पर जाम की समस्या उत्पन्न न हो और लोगों का आवागमन सुरक्षित बना रहे।
शहर के इन आठ स्थानों पर बनेंगे ड्रॉप गेट
यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए शहर के आठ प्रमुख स्थानों पर ड्रॉप गेट स्थापित किए जाएंगे।
- विशनपुर चौक
- कन्हैया चौक
- बाजोपुर चौक
- बारह पत्थर मोड़
- मगरदही घाट
- हरिहर पेट्रोल पंप
- मगरदही घाट बायपास
- चांदनी चौक
इन स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती रहेगी। संबंधित बीडीओ और थानाध्यक्षों को निर्धारित समय पर बैरिकेडिंग का काम पूरा कराने तथा सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील
जिला प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे 22 अक्टूबर तक निर्धारित रूट डायवर्जन का पालन करें और आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
प्रशासनिक स्तर पर यातायात व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाएगी। विशेष रूप से पूजा पंडालों, बाजारों और अधिक भीड़ वाले मार्गों पर पुलिस की नजर रहेगी। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना और दुर्गा पूजा तथा विजयादशमी के दौरान शहर को जाम से मुक्त रखना है।


*दुर्गा पूजा को लेकर शिवाजीनगर और हथौड़ी थाना क्षेत्र में निकला फ्लैग मार्च, पूजा पंडालों का किया निरीक्षण – Doorbeen News*









