गाछी में मांद के भीतर मिला अधेड़ महिला का शव, हत्या की आशंका, ग्रामीणों ने लगाया हत्या कर शव छिपाने के प्रयास का आरोप, एफएसएल टीम ने की जांच

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: सरायरंजन थाना क्षेत्र के अख्तियारपुर गांव के वार्ड संख्या सात में गुरुवार को एक अधेड़ महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला का शव घर से करीब सौ मीटर की दूरी पर स्थित एक गाछी में मांद के भीतर आधा समाया हुआ मिला। शव की स्थिति देखकर ग्रामीणों ने हत्या कर उसे छिपाने के प्रयास की आशंका जताई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

मृतका की पहचान अख्तियारपुर निवासी अखिलेश चौरसिया की पत्नी ललिता देवी (38) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि गुरुवार सुबह करीब सात बजे ललिता देवी शौच के लिए घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

इसी दौरान गांव के कुछ बच्चे सांप का पीछा करते हुए गाछी की ओर पहुंचे। वहां एक मांद में महिला का शव देखकर उन्होंने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। शव की स्थिति देखकर लोगों ने हत्या की आशंका जताई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला के गले पर फंदे जैसा निशान था और उनकी जीभ बाहर निकली हुई थी।

दोनों हाथ भी अकड़े हुए थे। इन परिस्थितियों को देखते हुए ग्रामीणों ने महिला की हत्या कर शव को छिपाने की कोशिश किए जाने का आरोप लगाया।

पुलिस और एफएसएल टीम ने की जांच:
घटना की सूचना मिलने पर सरायरंजन थानाध्यक्ष धनंजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं, एफएसएल की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने के लिए जांच-पड़ताल की।

सदर डीएसपी सतीश कुमार सुमन ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया।
पत्रकारों से बातचीत में डीएसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही मामले का उद्भेदन कर लिया जाएगा।

*रबी फसलों की उन्नत खेती के लिए किसानों को दी गई जानकारी, सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने पर जोर – Doorbeen News*

रबी फसलों की उन्नत खेती के लिए किसानों को दी गई जानकारी, सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने पर जोर

One Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *