व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: शारदीय नवरात्र के चौथे दिन बुधवार को शिवाजीनगर प्रखंड में मां दुर्गा के चौथे स्वरूप मां कूष्मांडा की विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई। सुबह से ही प्रखंड के विभिन्न देवी मंदिरों और पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी।
वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और घंटियों की गूंज के बीच भक्तों ने माता के चरणों में पुष्प, अक्षत, धूप, दीप और नैवेद्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की।
मंदिरों में गूंजते ‘जय माता दी’ के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। नवरात्र को लेकर प्रखंड के गांव गांव में उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिल रहा है।


शिवाजीनगर प्रखंड अतर्गत बाघोपुर बाजार में मां वैष्णवी मनोकामना दुर्गा मंदिर, बंधार दुर्गा मंदिर, बेला मनोकामना दुर्गा मंदिर, दसौत, बन्दा, जानकीनगर हाट, सरहिला, शिवाजीनगर, करियन और बहादुरपुर मधुरापुर, रामभद्रपुर सहित विभिन्न देवी मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की गई।
सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। पंडितों ने विधि-विधान के साथ पूजा संपन्न कराई तथा दुर्गा सप्तशती और देवी स्तुति का पाठ कराया। श्रद्धालुओं ने मां कूष्मांडा की आराधना कर अपने परिवार की सुख शांति, स्वास्थ्य और समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
वहीं, जिन घरों में कलश स्थापना की गई है, वहां भी श्रद्धालुओं ने कलश के समक्ष मां कूष्मांडा की पूजा-अर्चना की। दिनभर पूजा पंडालों और मंदिरों में भक्ति गीतों तथा वैदिक मंत्रों की गूंज सुनाई देती रही। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां कूष्मांडा मां दुर्गा का चौथा स्वरूप हैं।


श्रद्धालु उन्हें सृष्टि की ऊर्जा और सुख-समृद्धि प्रदान करने वाली देवी के रूप में पूजते हैं। नवरात्र के इस पावन अवसर पर भक्तों ने माता से परिवार की खुशहाली के साथ-साथ समाज में शांति, सद्भाव और समृद्धि बनाए रखने की कामना की। मंदिरों में सुबह की पूजा के साथ संध्या आरती भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण बनी हुई है।
बुधवार की शाम भी बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालु दीपदान करने के लिए विभिन्न देवी मंदिरों में पहुंचीं। महिलाओं ने माता के समक्ष दीप प्रज्वलित कर सुख-शांति, परिवार के कल्याण और जीवन में खुशहाली की कामना की। मां वैष्णवी मनोकामना दुर्गा मंदिर सहित प्रखंड के विभिन्न मंदिरों में दीपों की कतार से परिसर जगमगा उठे। घंटा-घड़ियाल की ध्वनि और माता की आरती से वातावरण भक्तिरस में सराबोर हो गया।
संध्या आरती में शामिल होकर श्रद्धालुओं ने माता का आशीर्वाद लिया। शाम के समय मंदिरों में श्रद्धालुओं की आवाजाही से धार्मिक स्थलों पर चहल-पहल बनी रही। इधर दुर्गा पूजा को लेकर पूजा समितियों की ओर से पंडालों को आकर्षक रूप देने के लिए सजावट का काम तेजी से किया जा रहा है।

पंडालों को सुंदर बनाने के लिए विभिन्न प्रकार की सजावटी सामग्री और रंग-बिरंगी रोशनी का इस्तेमाल किया जा रहा है। शाम ढलते ही रोशनी से जगमगाते पूजा पंडाल लोगों का ध्यान आकर्षित करने लगे हैं। पूजा समितियां नवरात्र के शेष दिनों और दुर्गा पूजा को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी हैं।
पंडालों की सजावट और मंदिरों में हो रही नियमित पूजा-अर्चना से क्षेत्र में उत्सवी माहौल बनता जा रहा है। नवरात्र के साथ शिवाजीनगर प्रखंड में दुर्गा पूजा को लेकर लोगों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। एक ओर देवी मंदिरों में मां भगवती की आराधना का दौर जारी है, तो दूसरी ओर पूजा पंडालों की आकर्षक सजावट से त्योहार की रौनक बढ़ने लगी है। श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के बीच पूरा प्रखंड मां दुर्गा की भक्ति में डूबा नजर आ रहा है।


*सेवा संकल्प अभियान के तहत महिला महाविद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, छात्राओं को प्रमाण-पत्र की उपयोगिता और पंजीकरण प्रक्रिया की दी गई जानकारी – Doorbeen News*





