नशा मुक्ति एवं विकसित भारत पर नुक्कड़ नाटक में रसलपुर विद्यालय की टीम को मिला दूसरा स्थान

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026 के तहत आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र, समस्तीपुर में आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, रसलपुर, प्रखंड सरायरंजन की छात्र-छात्राओं की टीम ने नुक्कड़ नाटक विधा में द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का मान बढ़ाया। टीम ने “नशा मुक्ति एवं विकसित भारत” विषय पर अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति के माध्यम से सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया।

विद्यालय की शिक्षिका राबिया बुशरा के निर्देशन में प्रस्तुत इस नुक्कड़ नाटक में विद्यार्थियों ने नशे की बढ़ती प्रवृत्ति, इसके दुष्परिणामों तथा युवाओं के भविष्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों को प्रभावशाली ढंग से उजागर किया। प्रस्तुति के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि नशामुक्त समाज के निर्माण और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

विद्यार्थियों के सामूहिक प्रयास, अभिनय और विषय की सार्थक प्रस्तुति ने प्रतियोगिता में विद्यालय की टीम को विशिष्ट पहचान दिलाई।

नुक्कड़ नाटक में नेदा प्रवीण, मौसम कुमारी, अन्नू प्रिया, शिवानी कुमारी, मो. अरमान, आयुष कुमार रंजन, निदा तरन्नुम, अलीशा आफरीन एवं आयशा आफरीन ने भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने अपनी भूमिका के माध्यम से नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने और सामाजिक बदलाव में युवाओं की भागीदारी का संदेश देने का प्रयास किया।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक मनीष चन्द्र प्रसाद ने इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रतिभागी छात्र-छात्राओं और उनकी निर्देशिका शिक्षिका राबिया बुशरा को बधाई दी।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार की सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, टीम भावना, सामाजिक चेतना और नेतृत्व क्षमता विकसित करती हैं।

जिला स्तरीय युवा उत्सव में प्राप्त यह उपलब्धि विद्यालय के लिए गौरव का विषय है। विद्यार्थियों की इस सफलता ने यह साबित किया कि शिक्षा के साथ-साथ कला और संस्कृति के माध्यम से भी सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध प्रभावी जनजागरूकता पैदा की जा सकती है।

*वेंडरों के बकाया भुगतान पर अटका एमडीएम, शिवाजीनगर के विद्यालयों में बंद रहा मध्याह्न भोजन – Doorbeen News*

वेंडरों के बकाया भुगतान पर अटका एमडीएम, शिवाजीनगर के विद्यालयों में बंद रहा मध्याह्न भोजन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *