व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: पटना। नेपाल के गोरखा जिले में भूस्खलन के बाद रविवार सुबह बूढ़ी गंडकी नदी में अचानक आई भीषण बाढ़ से भारी तबाही हुई है। नदी में तेज बहाव के कारण कई मकान, बाजार और पुल बह गए। दो जलविद्युत परियोजनाओं को भी नुकसान पहुंचा है। प्रभावित इलाकों से करीब 50 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है, जबकि 10 लोग लापता बताए जा रहे हैं।
नेपाल में आई इस बाढ़ को देखते हुए बिहार का जल संसाधन विभाग भी अलर्ट मोड में है। विशेष रूप से वाल्मीकिनगर बराज पर गंडक नदी के जलस्राव की लगातार निगरानी की जा रही है। केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय ने भी बिहार और उत्तर प्रदेश को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है।
देवघाट में महज 32 सेंटीमीटर बढ़ा जलस्तर
जल संसाधन विभाग के अनुसार, नेपाल में भूस्खलन के कारण बूढ़ी गंडकी नदी का प्रवाह कुछ समय के लिए बाधित हो गया था। इसके बाद पानी अचानक तेज वेग से आगे बढ़ा। हालांकि, भूस्खलन स्थल बिहार से करीब 200 किलोमीटर दूर होने के कारण यहां इसका विशेष प्रभाव पड़ने की संभावना नहीं है।
विभाग के मुताबिक, बाढ़ का पानी वाल्मीकिनगर बराज से करीब 80 किलोमीटर ऊपर नेपाल के देवघाट से गुजर चुका है। वहां गंडकी नदी के जलस्तर में अधिकतम 32 सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की गई थी। इसके बाद जलस्तर तेजी से घटकर अपने पुराने स्तर की ओर लौट गया।
वाल्मीकिनगर बराज पर 15 हजार क्यूसेक बढ़ सकता है जलस्राव
विभागीय आकलन के अनुसार, बाढ़ की लहर के कारण वाल्मीकिनगर बराज पर जलस्राव में करीब 15 हजार क्यूसेक की अस्थायी वृद्धि हो सकती है। इसके बाद स्थिति सामान्य होने की संभावना है। बाढ़ की लहर को बराज तक पहुंचने में लगभग छह घंटे लगने का अनुमान जताया गया है।
फिलहाल वाल्मीकिनगर बराज से करीब 50 हजार क्यूसेक पानी गुजर रहा है। हालांकि, एहतियात के तौर पर अभियंताओं को सतर्क रहने और नदी के जलस्तर एवं जलस्राव पर लगातार नजर रखने को कहा गया है।


बिहार पर नगण्य असर की संभावना : उपमुख्यमंत्री
उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि नेपाल में भूस्खलन के कारण बूढ़ी गंडकी नदी का प्रवाह बाधित हुआ था। इसके बाद रुका हुआ पानी अचानक तेज गति से आगे बढ़ा, जो गंडक नदी के रास्ते बिहार से गुजरेगा।
उन्होंने बताया कि भूस्खलन स्थल से बिहार की दूरी लगभग 200 किलोमीटर है। ऐसे में राज्य पर इसका असर नगण्य रहने की संभावना है। इसके बावजूद जल संसाधन विभाग के सभी संबंधित अभियंताओं को अलर्ट मोड में रखा गया है।
उधर, नेपाल के गोरखा जिले के सहायक मुख्य जिला अधिकारी नेत्र प्रसाद शर्मा ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है। प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य जारी है।

*दुर्गा पूजा को लेकर चौकीदारों को सतर्क रहने का निर्देश, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत दें – Doorbeen News*
दुर्गा पूजा को लेकर चौकीदारों को सतर्क रहने का निर्देश, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत दें









