व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित लोगों के लिए जिले में विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत 16 और 17 अक्टूबर को जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। शनिवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ईआरओ) और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (एईआरओ) के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि जिन पात्र मतदाताओं का नाम विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में नहीं है और सतत अद्यतीकरण के दौरान भी उनका नाम नहीं जुड़ सका है, उनसे प्रपत्र-6 में आवेदन प्राप्त कर पंजीकरण की कार्रवाई की जाए। ऐसे मतदाताओं की सूची तैयार कर बीएलओ संबंधित मतदान केंद्र के बीएलए को प्राप्ति रसीद के साथ उपलब्ध कराएंगे। इसके लिए अलग से पंजी भी संधारित की जाएगी।


पुरानी एएसडी सूची से होगा सत्यापन
डीएम ने निर्देश दिया कि छूटे हुए मतदाताओं की पहचान में विशेष सावधानी बरती जाए। मतदान केंद्रों के युक्तिकरण के कारण पूर्व की तुलना में मतदान केंद्रों की संख्या बदल गई है। ऐसे में एसआईआर के समय तैयार एएसडी सूची निकालकर बीएलओ से सत्यापन कराया जाएगा। इसके आधार पर पात्र लोगों का नाम जोड़ने की कार्रवाई होगी।
कैंप में उपलब्ध रहेंगे सभी जरूरी फॉर्म
दो दिवसीय विशेष कैंप में पर्याप्त संख्या में प्रपत्र-6, 7 और 8 उपलब्ध रखे जाएंगे। कैंप की प्रमुख गतिविधियों की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। आवेदन करने वाले तथा वर्तमान मतदाता सूची में नाम दर्ज होने वाले मतदाताओं के अनुभव संबंधी विवरण (टेस्टिमोनियल) तैयार कर जिला निर्वाचन कार्यालय एवं जिला जनसंपर्क कार्यालय को भेजा जाएगा।


डीएम ने सभी बीएलओ पर्यवेक्षकों को प्रतिदिन कार्यों की निगरानी करने और संधारित पंजी की जांच करने का निर्देश दिया। कैंप के दौरान ईआरओ और एईआरओ स्वयं मतदान केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे।
बैठक में सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



*सुरक्षित शनिवार पर बच्चों को भगदड़ से बचाव के बताए गए उपाय – Doorbeen News*






One Comment