व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत करियन गांव में रोसड़ा बहेरी मुख्य सड़क पर लंबे समय से जलजमाव की समस्या से परेशान ग्रामीणों का आक्रोश मंगलवार को सड़क पर देखने को मिला। जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान और अधूरे सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने मुख्य सड़क को जाम कर दिया।
ग्रामीणों ने सड़क के बीच पानी में बांस बल्ला लगाकर आवागमन बाधित कर दिया। इसके साथ ही आक्रोशित लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। सड़क जाम होते ही दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।


ग्रामीणों का कहना है कि रोसड़ा बहेड़ी मुख्य सड़क का निर्माण कार्य करियन गांव में काफी समय से अधूरा पड़ा है। निर्माण एजेंसी द्वारा सड़क को आधा अधूरा बनाकर छोड़ दिए जाने के कारण सड़क पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं हो सकी है। बारिश होने के बाद सड़क पर बड़ी मात्रा में पानी जमा हो जाता है। कई दिनों तक पानी सड़क पर जमा रहने से लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है।
ग्रामीणों को मजबूरी में इसी गंदे पानी के बीच से होकर आवागमन करना पड़ता है। स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क पर जलजमाव के कारण सबसे अधिक परेशानी दोपहिया वाहन चालकों और साइकिल सवारों को होती है। सड़क से जब कोई बड़ा वाहन गुजरता है तो जमा पानी दोनों ओर उछलकर राहगीरों और आसपास से गुजर रहे लोगों के कपड़ों पर पड़ जाता है।


इससे लोगों को काफी परेशानी होती है। कई बार पानी में सड़क की स्थिति स्पष्ट नहीं दिखाई देने के कारण बाइक सवार असंतुलित होकर गिर चुके हैं। इससे लोगों को चोट भी लगी है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को भी जलजमाव के बीच से गुजरने में परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने निर्माण एजेंसी पर कार्य में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।
उनका कहना है कि सड़क निर्माण का कार्य शुरू होने के बाद लोगों को उम्मीद थी कि आवागमन की समस्या दूर होगी, लेकिन करियन गांव में सड़क निर्माण कार्य आधा अधूरा छोड़ दिए जाने से समस्या और गंभीर हो गई है। लंबे समय से सड़क की स्थिति खराब रहने और जलजमाव की समस्या का समाधान नहीं होने के कारण ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही थी।

ग्रामीणों का कहना है कि रोसड़ा बहेड़ी मुख्य सड़क क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण सड़क है। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों के अलावा बाइक, साइकिल सवार और पैदल राहगीरों का आवागमन होता है। इसके बावजूद करियन गांव में सड़क की बदहाल स्थिति की ओर संबंधित विभाग और निर्माण एजेंसी द्वारा अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
बारिश के दिनों में समस्या और गंभीर हो जाती है। ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि केवल आश्वासन से समस्या का समाधान नहीं होगा। सड़क निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने के साथ ही जल निकासी की स्थायी व्यवस्था करनी होगी। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और निर्माण एजेंसी से करियन गांव में अधूरे सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने, सड़क को व्यवस्थित करने तथा जल निकासी के लिए आवश्यक व्यवस्था करने की मांग की।

ग्रामीणों ने कहा कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण कार्य पूरा नहीं किया गया और जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो लोगों को दोबारा आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। उनका कहना है कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण आम लोगों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। प्रशासन और निर्माण एजेंसी को लोगों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि मुख्य सड़क पर आवागमन सुचारु हो सके और ग्रामीणों को जलजमाव की समस्या से राहत मिल सके।

*अपराधियों का ट्रिपल अटैक, बाइक की डिक्की से दो लाख रुपये उड़ाया, झपटमार गिरोह ने बृद्ध महिला से 50 हजार रुपये का थैला झपट्टा – Doorbeen News*





