जिलाधिकारी ने विभूतिपुर प्रखंड का किया भ्रमण एवं निरीक्षण, सेवा सेतु शिविर के कैंप में लाभुकों से किया सीधा संवाद, सुनी समस्याएं

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर के जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा द्वारा आज विभूतिपुर प्रखंड का भ्रमण एवं निरीक्षण किया गया। भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, आमजनों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं तथा क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं का स्थल निरीक्षण कर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सेवा सेतु शिविर का निरीक्षण:
भ्रमण के क्रम में जिलाधिकारी द्वारा सर्वप्रथम सेवा सेतु शिविर के अंतर्गत लगाए गए कैंप का निरीक्षण किया गया। उन्होंने कैंप में संचालित विभिन्न काउंटरों पर उपलब्ध सेवाओं एवं लाभुकों को प्रदान की जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने कैंप में उपस्थित प्रत्येक लाभुक से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को सुना। उन्होंने यह भी जानकारी प्राप्त की कि सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में लाभुकों को किसी प्रकार की कठिनाई अथवा अनावश्यक विलंब तो नहीं हो रहा है।

जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि कैंप में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या को गंभीरता से लेते हुए त्वरित एवं नियमानुसार समाधान सुनिश्चित करें। पात्र लाभुकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने की कार्रवाई में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सरकारी सेवाओं एवं योजनाओं को आमजन के लिए अधिक सुलभ बनाना है, इसलिए कैंप में आने वाले लोगों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।

लाभुकों को आयुष्मान कार्ड एवं जॉब कार्ड का वितरण
कैंप के दौरान विभिन्न पात्र लाभुकों के बीच आयुष्मान कार्ड एवं जॉब कार्ड का भी वितरण किया गया। जिलाधिकारी ने लाभुकों से बातचीत कर उन्हें मिलने वाले लाभ की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र व्यक्तियों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने में पूरी संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्य करें।

उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिया कि योजनाओं का लाभ प्राप्त करने से कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित न रहे तथा स्थानीय स्तर पर आने वाली समस्याओं का समाधान संबंधित पदाधिकारी प्राथमिकता के आधार पर करें।

सिंधिया घाट की जाम समस्या का स्थायी समाधान प्राथमिकता : इसके पश्चात जिलाधिकारी द्वारा सिंधिया घाट क्षेत्र का स्थल निरीक्षण किया गया। क्षेत्र में लगने वाले जाम एवं इससे आमजनों को होने वाली परेशानी को देखते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों एवं अभियंताओं के साथ स्थल का भ्रमण किया।

उन्होंने क्षेत्र की यातायात व्यवस्था, वर्तमान सड़क संरचना तथा बाईपास निर्माण की संभावनाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सिंधिया घाट पर जाम की समस्या के स्थायी समाधान हेतु बाईपास निर्माण का व्यवहारिक एवं तकनीकी प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर प्रस्तुत करें।

उन्होंने कहा कि प्रस्ताव तैयार करते समय वर्तमान यातायात दबाव, भविष्य की आवश्यकता, भूमि की उपलब्धता, तकनीकी व्यवहार्यता तथा आमजनों की सुविधा जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं को ध्यान में रखा जाए। संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ आवश्यक कार्रवाई करते हुए प्रस्ताव शीघ्र उपलब्ध कराएं, ताकि समस्या के समाधान की दिशा में आगे की कार्रवाई की जा सके।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आमजन को सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना तथा क्षेत्र की यातायात संबंधी समस्याओं का प्रभावी समाधान प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।
निरीक्षण के दौरान विशेष कार्य पदाधिकारी श्री अली एकराम, संबंधित विभागों के अभियंता, पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

*हथियार के बल पर बाइक व मोबाइल लूटने वाले गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार – Doorbeen News*

हथियार के बल पर बाइक व मोबाइल लूटने वाले गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार

One Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *